विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

15 दिन पहले जताया था जान का खतरा; अब चाकू घोंपकर हत्या, बेगूसराय में भूम‍ि व‍िवाद में बुझा च‍िराग, हंगामा

Published: Fri, 19 Jun 2026 10:54 AM (IST)

गढ़पुरा के सोनमा वार्ड 9 में भूमि विवाद के चलते 25 वर्षीय चंदन कुमार की चाकू से गोदकर हत्या कर ...और पढ़ें

घटना के बाद मचा कोहराम। जागरण

घटना के बाद मचा कोहराम। जागरण

संवाद सूत्र, गढ़पुरा (बेगूसराय)। आपसी रंजिश और भूमि विवाद में शुक्रवार सुबह गढ़पुरा थाना क्षेत्र के सोनमा वार्ड 9 निवासी स्व. शंकर महतो के पुत्र चंदन कुमार (25 वर्ष) की घर के समीप चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।

घटना सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है। हत्या की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सुबह करीब सात बजे शव को सड़क पर रखकर गढ़पुरा-बखरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।

इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। सूचना मिलने पर बखरी एसडीपीओ कुंदन कुमार के साथ बखरी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

दो मह‍िलाओं समेत तीन को ल‍िया ह‍िरासत में 

पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की और मामले में कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

गिरफ्तार लोगों में मुख्य आरोपी राजीव कुमार की पत्नी, मां और छोटा भाई अभिषेक कुमार शामिल हैं। एसडीपीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।

करीब साढ़े नौ बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेजा गया और सड़क जाम समाप्त कराया गया। इसके बाद यातायात व्‍यवस्‍था सामान्‍य हो सकी।  

15 द‍िन पहले पुलिस से की गई थी श‍िकायत 

ग्रामीणों के अनुसार, घटना के पीछे पुराना भूमि विवाद बताया जा रहा है। स्‍व. शंकर महतो का इकलौता बेटा चंदन करीब 15 दिन पहले चंदन खेत से मकई का ठठेर लेकर घर लौट रहा था।

इसी दौरान गोतिया पक्ष के लोगों ने उसे रोककर मारपीट की थी। इस संबंध में चंदन की मां ने बखरी थाना में आवेदन देकर जान का खतरा भी जताया था। 

स्‍वजन का आरोप है कि अगर पुलिस ने उस समय मामले को गंभीरता से लिया होता तो चंदन की हत्या नहीं होती। पुलिस फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।