पहले काटा शटर, फिर समेटे सोने-चांदी के जेवर; बेगूसराय में खेत के रास्ते फरार हुए चोर, सुबह खुला राज
बेगूसराय के तेघड़ा प्रखंड में चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान का शटर काटकर लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ...और पढ़ें

जांच के बाद स्पष्ट होगी चोरी गई संपत्ति की कीमत
HighLights
तेघड़ा में ज्वेलरी दुकान का शटर काटकर चोरी।
चोर लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए।
पुलिस जांच में जुटी, फॉरेंसिक टीम बुलाई गई।
संवाद सूत्र, तेघड़ा (बेगूसराय)। तेघड़ा प्रखंड क्षेत्र में अपराध की घटनाओं के बीच फुलवड़िया थाना क्षेत्र में चोरों ने ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाया। गुरुवार की देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
रात एक से दो बजे के बीच काटा दुकान का शटर
वारदात फुलवड़िया थाना क्षेत्र के धनकौल पंचायत अंतर्गत मुसहरी रोड स्थित विषहर स्थान के पास मंजू ज्वेलर्स में हुई। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात करीब एक से दो बजे के बीच चोरों ने दुकान का शटर काटा और अंदर घुस गए। दुकान से सामान समेटने के बाद बदमाश बगल के रास्ते से खेत की ओर निकल गए।
सुबह टूटा शटर देखकर युवक ने दी दुकानदार को सूचना
शुक्रवार की सुबह एक स्थानीय युवक की नजर दुकान के टूटे शटर पर पड़ी। उसने इसकी जानकारी दुकानदार सुनील कुमार सोनी को दी। सूचना मिलते ही दुकानदार दुकान पहुंचे। अंदर जाने पर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिले। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
दुकानदार ने ढाई लाख के जेवर और 40 हजार नकदी चोरी का बताया अनुमान
पीड़ित दुकानदार सुनील कुमार सोनी के अनुसार, वह बुधवार रात रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर दुकान पहुंचे तो शटर कटा मिला।
उन्होंने शुरुआती अनुमान में करीब दो से ढाई लाख रुपये के जेवरात और लगभग 40 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात कही है।
पुलिस बोली- जांच के बाद स्पष्ट होगी चोरी गई संपत्ति की कीमत
पुलिस के अनुसार चोरी गई संपत्ति की वास्तविक कीमत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। दुकान में रखे सामान का मिलान कराया जा रहा है।
पीड़ित दुकानदार की ओर से थाने में दिए जाने वाले आवेदन और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर चोरी की सही रकम का आकलन किया जाएगा।
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड जुटाएंगे सुराग
घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा एसडीपीओ कृष्ण कुमार और फुलवड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुकानदार से जानकारी ली।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया जा रहा है। पुलिस चोरों के दुकान तक पहुंचने और वारदात के बाद भागने वाले रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
चोरी की खबर से मौके पर जुटी भीड़, सुरक्षा को लेकर चिंता
घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। धनकौल पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सह जदयू नेता चंदन कुमार समेत कई लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता जताई और पुलिस गश्त व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस घटनास्थल से संभावित सुराग जुटा रही है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की जांच के बाद वारदात से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस दुकान और आसपास के इलाके में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। अब पुलिस के सामने चोरी की घटना का पर्दाफाश करने और आरोपितों तक पहुंचने की चुनौती है।
