विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Begusarai Ka Mausam: भीषण गर्मी से लोग बेहाल, 27 जून से बारिश के आसार

Published: Wed, 24 Jun 2026 05:37 PM (IST)

भीषण गर्मी और मानसून की सुस्ती ने बेगूसराय के लोगों और किसानों की परेशानी बढ़ा दी है, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

भीषण गर्मी से लोग बेहाल, 27 जून से बारिश के आसार (AI Generated Image)

भीषण गर्मी से लोग बेहाल, 27 जून से बारिश के आसार (AI Generated Image)

HighLights

  1. बेगूसराय में भीषण गर्मी, तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।

  2. 27 जून से मेघ गर्जन, वर्षा से मिलेगी राहत।

  3. जून में सामान्य से काफी कम हुई मानसूनी वर्षा।

संवाद सहयोगी, छौड़ाही (बेगूसराय)। मानसून की सुस्ती और लगातार पड़ रही भीषण गर्मी ने आम लोगों के साथ किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। बुधवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर आसमान से आग बरसती रही। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण लोग घरों में भी चैन से नहीं रह सके।

इधर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 26 जून तक मौसम शुष्क रहने तथा उष्म लहर जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है। तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है।

27 जून से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। उस दौरान मेघ गर्जन, बिजली चमकने, तेज हवा चलने तथा वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। अधिकतम तापमान कुछ स्थानों पर 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 75 से 80 प्रतिशत एवं दोपहर में 25 से 30 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वहीं, पूर्वी दिशा से 12 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।

जून में अब तक सामान्य से काफी कम हुई वर्षा:

जून के पहले पखवाड़े से जुलाई के प्रथम पखवाड़े तक का समय धान रोपाई के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है। इसी अवधि में होने वाली मानसूनी वर्षा खरीफ फसलों के भविष्य का आधार तय करती है।

वर्षा मापक केंद्र छौड़ाही के प्रभारी पदाधिकारी सुनील कुमार मेहता ने बताया कि सामान्य स्थिति में जून माह में लगभग 150 मिमी, जुलाई में तीन सौ मिमी तथा अगस्त में तीन सौ मिमी वर्षा की आवश्यकता होती है।

इसके विपरीत वर्ष 2026 में 24 जून तक मात्र 43 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से काफी कम है।

जून महीने में 24 जून तक दर्ज मानसूनी वर्षा:

वर्ष वर्षा (मिमी में)
2012 156
2013 132
2014 181
2015 154
2016 141
2017 56
2018 71
2019 16
2020 160
2021 398
2022 134
2023 38.4
2024 205
2025 43
2026 43

यह भी पढ़ें- Kal Ka Mausam 25 June: बिहार के अररिया-मधुबनी समेत 6 जिलों में भयंकर बारिश, इन जगहों में लू की चेतावनी