बेगूसराय में गंगा की तेज धारा में पलटी नाव, खेती कर लौट रहे 18 लोगों ने तैरकर बचाई जान; 4 लापता
बेगूसराय के चमथा में गंगा नदी में एक नाव पलट गई, जिसमें लगभग 25 लोग सवार थे। हादसे में 18 ...और पढ़ें

अस्पताल पहुंचकर निर्देश देते डीएम रिची पांडेय। जागरण
HighLights
बेगूसराय के चमथा में गंगा नदी में नाव पलटी।
क्षमता से अधिक लोग सवार होने से हुआ हादसा।
18 लोगों ने तैरकर जान बचाई, दो लापता।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र की चमथा एक पंचायत के रजौली दियारा में बुधवार की शाम गंगा नदी में नाव पलट गई। इससे अफरातफरी मच गई।
नाव पलटने के बाद करीब डेढ़ दर्जन लोग किसी तरह तैरकर जान बचाने में सफल रहे, लेकिन 4 लोग लापता हो गए। उनकी तलाश के उपाय किए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएम रिची पांडेय ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पीड़ितों के उचित उपचार का निर्देश दिया। घटना में सोगारथ महतो एवं राबो कुमारी समेत चार लोग लापता हैं।
परवल के खेत से लौट रहे थे ग्रामीण
घटना के संबंध में अंचल अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार, ग्रामीण परवल की खेती के लिए गंगा के उस पार गए थे।
वहां से लौटते समय नाव पर करीब 25 लोग सवार थे। क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने के कारण गहरे पानी और धारा के कारण नाव पलट गई।

(चमथा में गंगा घाट पर बिलखते स्वजन।)
18 लोगों ने तैरकर बचाई अपनी जान
हादसे के दौरान करीब 18 लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि 4 लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की तलाश को लेकर एसडीआरएफ की टीम लगी हुई है।
सूचना मिलते ही तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार, अंचल अधिकारी प्रीतम समेत अन्य पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए कैंप कर रहे हैं।
इधर लापता लोगों के स्वजन में कोहराम मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही चमथा में गंगा नदी के किनारे बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए।
