बेगूसराय में 20 लाख की रंगदारी नहीं दी तो तड़तड़ाईं 40 गोलियां, घर पर हमला कर भागे बदमाश; 20 खोखे और एक चप्पल बरामद
बेगूसराय के नारायणपीपड़ गांव में रंगदारी न देने पर किसान विजय राय के घर पर 40 से अधिक राउंड फायरिंग ...और पढ़ें

घर के चारों तरफ से चलीं गोलियां
HighLights
किसान विजय राय के घर पर 40 से अधिक राउंड फायरिंग।
20 लाख रुपये रंगदारी न देने पर हुई यह घटना।
पुलिस ने 20 खोखे और एक सफेद चप्पल बरामद की।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। छौड़ाही थाना क्षेत्र के नारायणपीपड़ गांव में सोमवार की सुबह करीब चार बजे रंगदारी को लेकर सनसनीखेज घटना सामने आई। किसान विजय राय के घर को निशाना बनाकर 40 से अधिक राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप है। बताया गया कि बदमाशों ने 20 लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर घर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
गोलीबारी के बाद गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से करीब 20 खोखे बरामद किए हैं। फायरिंग के दौरान कथित तौर पर एक हमलावर की सफेद चप्पल भी मौके पर छूट गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
घर के चारों तरफ से चलीं गोलियां, नींद से जागे लोग
पीड़ित विजय कुमार राय के अनुसार, सोमवार की सुबह करीब चार बजे वह घर में सो रहे थे। अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर घर को निशाना बनाकर फायरिंग किए जाने की जानकारी मिली।
आरोप है कि हमलावरों ने घर के मुख्य हिस्से और आसपास के इलाकों को निशाना बनाकर लगातार गोलियां चलाईं। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी भय का माहौल बन गया।
20 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप
विजय कुमार राय के आवेदन पर छौड़ाही थाने में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें छौड़ाही थाना क्षेत्र के भरत यादव, मनीष कुमार यादव, अरुण यादव, रज्जी अहमद, अंजनी यादव और चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुंभी निवासी अभिषेक यादव उर्फ मिंटू यादव शामिल हैं।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विजय राय से 20 लाख रुपये रंगदारी की मांग की जा रही थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद घर पर फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया गया है।
20 खोखे और सफेद चप्पल बनी पुलिस के लिए अहम सुराग
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घर के चारों तरफ से करीब 20 खोखे बरामद किए। हालांकि, फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और गोलियों से जुड़ी स्थिति की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
वहीं, मौके पर मिली सफेद चप्पल को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस को आशंका है कि यह फायरिंग में शामिल किसी व्यक्ति की हो सकती है। फोरेंसिक जांच से इससे जुड़े सुराग मिलने की उम्मीद है।
काली स्कॉर्पियो से आए थे बदमाश?
घटना के बाद काले रंग की स्कॉर्पियो से आरोपितों के आने-जाने की बात भी सामने आई है। कच्ची सड़क पर वाहन के निशान मिलने की जानकारी दी गई है।
अब पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और मोबाइल लोकेशन की भी जांच कर सकती है। इन साक्ष्यों से घटना में शामिल लोगों तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है।
डीएसपी पहुंचे तो रात्रि गश्ती पर उठे सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही मंझौल डीएसपी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।
इधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्ती और सूचना तंत्र पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर इतनी बड़ी संख्या में गोलियां चलीं तो पुलिस को इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं मिली।
गांव में दहशत, पुलिस बोली- जल्द होगी गिरफ्तारी
गोलीबारी के बाद नारायणपीपड़ गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी और पुलिस की आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
घटनास्थल पर पहुंचे एसआई रोशन कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई करेगी।
