पांच लाख रंगदारी मांगने का आरोपित गिरफ्तार
बेगूसराय। बीते एक अगस्त को पांच लाख रंगदारी वसूलने के लिए जिला निबंधन कार्यालय के कातिब के घर में आगजनी किए जाने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपित को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर निवासी कातिब गंगाधर मिश्र ने मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
बेगूसराय। बीते एक अगस्त को पांच लाख रंगदारी वसूलने के लिए जिला निबंधन कार्यालय के कातिब के घर में आगजनी किए जाने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपित को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर निवासी कातिब गंगाधर मिश्र ने मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में आग लगाने का कारण पांच लाख की रंगदारी की वसूली करना सामने आया था। बदमाशों ने आग लगाने के पांच दिन बाद पांच लाख रंगदारी की मांग की थी।
इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजबिदु प्रसाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अनुसंधान में वासुदेवपुर निवासी अनुपम मिश्रा, कंचन कुमार की संलिप्तता सामने आई थी। पूछताछ व निशानदेही के आधार पर दिल्ली से फोन पर रंगदारी मांगने को खुलासा हुआ। बदमाशों ने आग लगाने के पांच दिन बाद मोबाइल पर रंगदारी की मांग की थी। कॉल डिटेल के आधार पर फोन करने वाले की पहचान वासुदेवपुर निवासी रामचन्द्र साह के पुत्र संतोष कुमार के रूप में की गई। इस मामले में अनुपम व कंचन को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सोमवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर वासुदेवपुर में छापेमारी कर फोन पर रंगदारी मांगने के आरोपित संतोष कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
क्या है मामला:
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोरिया हैवतपुर पंचायत के वासुदेवपुर गांव में बदमाशों ने एक अगस्त की देर रात गंगाधर मिश्र के घर में आग लगा दिया। इस आगलगी में चारपहिया व दोपहिया वाहन, कागजात समेत लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई थी। पीड़ित ने आग लगने के बाद स्थानीय वार्ड सदस्य विभा देवीव मुखिया देवकांत सिंह से न्याय की फरियाद लगाई जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पीड़ित की मानें तो पूरे घटनाक्रम का मास्टर माइंड अभी भी पुलिस पकड़ से बाहर है।