जिले में हुई 28 मिलीमीटर बारिश, फसलों को फायदा
बेगूसराय किसानों के लिए अच्छी खबर है। इस वर्ष पहली बार खेतों में जमा बारिश का पानी से खेत
बेगूसराय : किसानों के लिए अच्छी खबर है। इस वर्ष पहली बार खेतों में जमा बारिश का पानी से खेतों में लगी फसलों के साथ-साथ अगली फसल के लिए भी जमीन तैयार रहेगी। कृषि विज्ञान केंद्र, बेगूसराय में स्थापित स्वचालित मौसम वेधशाला से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में औसत 28 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है। यह वर्षा सही समय और सही मात्रा में हुई है। तैयार मक्का और आम जैसी कुछ फसलों को छोड़कर यह लगभग सभी फसलों के लिए उपयोगी है। किसान इस वर्षा से अगली फसल की तैयारी शुरू कर सकते हैं। जिन खेतों में मोथा जैसी खरपतवार की समस्या हो तो उस में गहरी जुताई करें। जिस खेतों में जंगल नहीं हो वहां ढैंचा, सनई या मूंग की बोआई करें। करें खेतों की गहरी जुताई : कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामकृपालु सिंह बताते हैं कि खेतों की गहरी जुताई के लिए किसान डिस्क प्लाऊ या मोल्ड बोर्ड प्लाऊ का उपयोग करें। इसके लिए जुताई की गहराई 15 सेंटीमीटर से अधिक होनी चाहिए। गहरी जुताई से खरपतवार के बीज जमीन के अंदर ही नष्ट हो जाते हैं। साथ-साथ कीट-व्याधियों के अंडे भी नष्ट हो जाते हैं। डबल फायदा यह कि रोटावेटर द्वारा जुताई और अंधाधुंध रासायनिक खाद के प्रयोग से खेत में बन रही ''हार्ड पैन'' भी समाप्त हो जाएगी और मिट्टी में हवा एवं जल का संचरण भी सुधर जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बारिश से गन्ना, मक्का समेत अभी खेतों में लगी तमाम फसलों को काफी फायदा होगा। अगात मक्का को कुछ नुकसान हुआ है। हालांकि किसानों को पटवन के लाखों रुपये की बचत हो गई। किसान हल्दी और अदरक की बोआई जल्द कर दें। मूंग, उड़द एवं सब्जियों में कीट से बचाव के लिए दवा छिड़काव करें।
लुढ़का तापमान : तेज पुरवा हवा व बारिश से तापमान भी लुढ़क गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से कम 30 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से साढ़े पांच डिग्री सेल्सियस कम 30.02 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से डेढ़ डिग्री कम 21.05 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम पूर्वानुमान : डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वरीय वैज्ञानिक डॉ. अब्दुल सत्तार ने बताया कि आगामी 36 घंटे तक तेज हवा और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
----------------
एक दिन की बारिश में डूबा शहर, शर्म करें मेयर व अधिकरी : माले
जागरण संवाददाता, बेगूसराय : भाकपा माले नगर कमिटी की ओर से कोरोना प्रोटोकॉल के तहत पार्टी कार्यालय में हस्तलिखित पोस्टर के साथ एक दिन की बारिश में डूबा शहर-शर्म करो मेयर, शहरी गरीबों व रोज कमाने-खाने वाले परिवारों को राहत-रोजगार की गारंटी करो, डीलरों की मांग पूरी कर हड़ताल समाप्त कराओ, मास्क-सेनेटाइजर का मुफ्त वितरण करो आदि जैसे आक्रोशपूर्ण नारों के माध्यम से विरोध दर्ज किया। मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए नगर सचिव राजेश श्रीवास्तव ने नगर निगम की निष्क्रियता पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान मेयर के कार्यकाल में पूरा शहर अस्त व्यस्त रहा। कहीं कोई काम नहीं हो रहा है। सेनेटाइजेशन का काम हो या साफ-सफाई सिर्फ कोरम पूरा किया जाता है। मजदूरों के अभाव में शहर गंदगी के ढेड़ पर खड़ा है। लोहिया नगर की बड़ी आबादी व बड़ा क्षेत्रफल के बावजूद 6 से 8 सफाईकर्मी कार्यरत हैं। जिसके कारण आधी अधूरी सफाई हो पाती है। उन्होंने राज्य सरकार को जनविरोधी सरकार की संज्ञा देते हुए कहा कि पिछले 10 दिनों से डीलर हड़ताल पर हैं। राशनकार्डधारियों को सस्ते दर पर मिलने वाला राशन भी डीलरों की हड़ताल के कारण बंद है। माले नगर कमिटी जिला प्रशासन से अविलंब डीलरों के साथ न्याय की मांग करती है। मौके पर सुरेश पासवान, मुशहरू पासवान, कौशल पंडित, भूषण भारती आदि ने भी संबोधित किया।