लॉकडाउन के बीच बिहार के बांका में मचा कोहराम, दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत
बिहार के बांका जिले में कोरोना वायरस को लेकर लॉक डाउन के बीच उस सयम अफरातफरी मच गई जब दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई।
बांका, जेएनएन। बिहार के बांका जिले में कोरोना वायरस को लेकर लॉक डाउन के बीच उस सयम अफरातफरी मच गई, जब दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि एक की उम्र नौ साल तथा दूसरे की उम्र सात साल थी। अचानक हुई इस घटना से मृतक के घर में कोहराम मच गया है। जानकारी मिलते ही देखने के लिए मौके पर लोग पहुंच गए। स्थानीय लोगों के प्रयास से दोनों भाइयों के शवों को निकाला गया है।
जानकारी के अनुसार, बिहार के अन्य जिलों की तरह बांका में भी लॉक डाउन है। ऐसे में रोड समेत गली-चौराहे व खेत-खलिहान सूना है। ऐसे में कटोरिया प्रखंड के पट्टा पाथर गांव में दो भाई नौ साल का गाेपी और सात साल का ओपी मुहल्ले में ही खेल रहे थे।
बताया जाता है कि खेलने के दौरान गोपी और आेपी, दोनों बच्चे कुएं में गिर गए। चिल्लाने की अावाज आई तो गांव वाले घर से निकलकर दौड़े। लेकिन तब तक देर हो गई। कुएं से निकालने के पहले ही दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों के प्रयास से दोनों बच्चों के शव को निकाल लिया गया है। इस घटना से हर कोई स्तब्ध है। लोगों का कहना है कि एक तो कोरोना के डर से लोग पहले से ही भयभीत हैं और अघोषित कर्फ्यू लगा है। इसमें इस अनहोनी घटना ने कोहराम मचा दिया है।