विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम आवास 2.0 के लाभुकों को सितंबर तक मकान पूरा करने का अल्टीमेटम; बांका में 139 को मिल चुकी है दूसरी किस्त

Published: Thu, 20 Aug 2026 08:37 AM (IST)

बांका नगर परिषद में पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 के लाभार्थियों को सितंबर तक मकान निर्माण पूरा करने का निर्देश ...और पढ़ें

नगर परिषद क्षेत्र के 315 चयनित लाभुकों में से 139 को मिली 1-1 लाख की दूसरी किस्त; समय पर काम पूरा करने का टास्क

नगर परिषद क्षेत्र के 315 चयनित लाभुकों में से 139 को मिली 1-1 लाख की दूसरी किस्त; समय पर काम पूरा करने का टास्क

HighLights

  1. बांका में पीएम आवास 2.0 के मकान सितंबर तक पूरे करें।

  2. 139 लाभार्थियों को दूसरी किस्त की राशि जारी की गई।

  3. 60 डिफाल्टरों पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी, राशि वसूली।

संवाद सूत्र, बांका। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत नगर परिषद क्षेत्र में निर्माणाधीन पक्के मकानों के काम में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। नगर परिषद प्रशासन ने सभी चयनित लाभुकों को निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए आगामी सितंबर माह तक हर हाल में निर्माण कार्य पूर्ण करने का अल्टीमेटम दिया है।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, पीएम आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत बांका नगर परिषद क्षेत्र में कुल 315 लाभुकों का चयन किया गया है। इन सभी लाभुकों के बैंक खातों में प्रथम किस्त की राशि पूर्व में ही भेजी जा चुकी थी, जिसके बाद अधिकांश लाभुकों ने निर्माण कार्य प्रारंभ कराया। निर्माण कार्य को निर्धारित स्तर (प्लिंथ/लिंटेल) तक पूरा करने वाले 139 लाभुकों को करीब एक माह पूर्व दूसरी किस्त की राशि भी हस्तांतरित कर दी गई है। दूसरी किस्त के रूप में प्रत्येक पात्र लाभुक को एक-एक लाख रुपये का भुगतान किया गया है।

तीन किस्तों में मिलती है ₹2.5 लाख की सहायता

प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के मानकों के तहत एक पक्के मकान के निर्माण के लिए लाभार्थी को कुल 2.50 लाख (ढाई लाख) रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि निर्माण की भौतिक प्रगति के आधार पर तीन चरणों में डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में भेजी जाती है:

  • पहली किस्त: ₹1,00,000 (कार्य प्रारंभ करने के लिए)

  • दूसरी किस्त: ₹1,00,000 (दीवार/स्ट्रक्चर निर्माण के बाद)

  • तीसरी व अंतिम किस्त: ₹50,000 (छत ढलाई व फिनिशिंग के बाद)

नगर विकास एवं आवास विभाग से आवंटन प्राप्त होते ही नगर परिषद प्रशासन द्वारा जियो-टैगिंग सत्यापन के आधार पर राशि लाभुकों के खाते में ट्रांसफर की जा रही है। वहीं, योजना के 1.0 चरण में जिन लाभुकों ने छत ढलाई का काम पूरा कर लिया है, उन्हें भी तीसरी किस्त जारी की जा चुकी है।

किस्त लेकर घर न बनाने वाले 60 लाभुकों पर लटकी कार्रवाई की तलवार

एक तरफ जहां योजना के 2.0 चरण को समय पर पूरा कराने पर जोर है, वहीं पीएम आवास योजना 1.0 के करीब 60 ऐसे लाभुक सामने आए हैं, जिन्होंने पहली और दूसरी किस्त की राशि निकाल ली, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया। नगर परिषद प्रशासन द्वारा इन डिफाल्टर लाभुकों को चार से पांच बार अंतिम चेतावनी नोटिस जारी किया जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार, यदि तय समय में निर्माण शुरू नहीं हुआ तो उनसे राशि वसूली (नीलाम पत्र वाद) और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

"प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के सभी लाभुकों को सितंबर माह तक आवास निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। फील्ड स्तर पर निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि समय-सीमा के भीतर गरीबों को उनके पक्के मकान की चाबी सौंपी जा सके।"

-

सुमित्रानंदन, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बांका