Bihar: बांका में हथियार के बल पर सीएसपी संचालक से लूटे डेढ़ लाख रुपये, विरोध करने पर बदमाशों ने की फायरिंग
loot in Bankaसीएसपी संचालक विजय यादव बैंक से पैसे निकाल कर लौट रहे थे तभी बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चला दी। गोली विजय के सिर को छूते हुए निकल गई। फायरिंग में वो बाल-बाल बच गए।
जागरण संवाददाता, बांका। पांच बदमाशों ने हथियार के बल पर बैंक से पैसे निकाल कर लौट रहे सीएसपी संचालक से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने सीएसपी संचालक पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि सीएसपी संचालक बाल-बाल बच गए।
सीएसपी संचालक विजय कुमार यादव प्रखंड के दुधारी स्थित एसबीआई शाखा से पैसे निकालकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वे बाइक सहित सड़क पर गिर गए। विजय ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने गोली चला दी। गोली विजय के सिर को छूते हुए निकल गई। इसी बीच पांचों बदमाशों ने उनसे डेढ़ लाख रुपये लूटा और बेलहर की ओर फरार हो गए।
मामले को लेकर पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। बांका थानाध्यक्ष शम्भू यादव ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पीड़ित विजय यादव को चोटें आई हैं, इस कारण उन्हें बांका के सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बैंक से ही बदमाश कर रहे थे रेकी
बांका थानाध्यक्ष शम्भू यादव ने बताया कि पीड़ित ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। शिकायत के बाद पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि बैंक से ही विजय यादव की रेकी की जा रही थी। सुनसान जगह देखकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।