बिहार: बांका में अलग-अलग सड़क हादसे में चार की मौत, कई घायल
बांका जिले में सोमवार को अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई है वहीं कई लोग घायल हैं। मृतक कांवरिया पति-पत्नी थे जो जलाभिषेक करने जा रहे थे।
बांका [जेएनएन]। जिले में अलग-अलग सड़क हादसे में दो कांवरिया सहित चार लोगों की मौत हो गई है। बौंसी में एक कंटेनर ने अॉटोरिक्शा में टक्कर मार दी जिसमें सुपौल जिले के ग्वालपड़ा निवासी सियाराम राय और उनकी पत्नी धन्वंतरि देवी की मौके पर ही मौत हो गई वहीं अॉटो पर सवार कई कांवरिए घायल हो गए हैं। वहीं. रजौन में ऑटो से गिरकर सुभाष यादव और बांका में ट्रक ने एक बच्चे नितेश कुमार को रौंद डाला।
पहली घटना बौसी-हंसडीहा मुख्य मार्ग के श्याम बाजार समीप सोमवार की सुबह दिव्या पब्लिक स्कूल के पास घटी जिसमें सुपौल जिले के आधा दर्जन कांवरिया गंभीर रूप से जख्मी हो गये। इनमें दो कांवरियों की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी।
जानकारी के अनुसार, सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड के ग्वालपाड़ा गांव का एक दर्जन कांवरियों का दल 16 अगस्त को सुल्तानगंज से जल उठा कर देवघर में जलार्पण के बाद बासुकीनाथ की पूजा-अर्चना कर बौसी हंसडीहा के रास्ते सिंघेश्वर नाथ में पूजा करने ऑटो से जा रहे थे।
इसी दौरान श्याम बाजार समीप सामने से आ रहे एक कंटेनर से ऑटो की टक्कर हो जाने पर 55 वर्षीय सियाराम राय और उनकी 50 वर्षीय पत्नी धन्वंतरी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। वहीं, गंभीर रूप से जख्मी तेतरी देवी (40), रंजना देवी (30), मीना देवी, पार्वती देवी को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बौंसी लाया गया। यहां इलाज किये जाने के बाद बेहतर चिकित्सा हेतु तेतरी देवी और रंजना देवी को भागलपुर मायागंज रेफर कर दिया गया है।