CM नीतीश बोले- उपेंद्र कुशवाहा को नेता हमने बनाया, अब किसी और की बोली बोल रहे; JDU छोड़ने को लेकर कही बड़ी बात
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा के कहने पर जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा कुछ भी बोल रहे हैं। उन्हें नेता हमने बनाया है। विधायक विधान पार्षद से लेकर राज्य सभा सदस्य तक भेजे। उनके लिए क्या कुछ नहीं किया।
बांका, जागरण संवाददाता। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पिछले कुछ दिनों से उपेंद्र कुशवाहा नीतीश कुमार के खिलाफ खूब नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। अब सीएम नीतीश कुमार ने पलटवार करते हुए कहा है कि उपेंद्र कुशवाहा किसी और के कहने पर बयान दे रहे हैं। उनको नेता हमने बनाया। उनके लिए क्या कुछ नहीं किया।
सोमवार को कटोरिया प्रखंड के करझौंसा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा कुछ भी बोल रहे हैं। उन्हें नेता हमने बनाया है। विधायक, विधान पार्षद से लेकर राज्यसभा सदस्य तक भेजा। उनके लिए क्या कुछ नहीं किया। इसके बाद भी दो-दो बार पार्टी से भागते रहे। तीसरी बार आए तो कहा कि अब हर हाल में जदयू में ही रहेंगे।
नीतीश कुमार ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा तीसरी बार जदयू में आकर पार्टी कमजोर होने का बयान दे रहे हैं, जबकि पार्टी में सदस्यों की संख्या पहले से अधिक बढ़ी है। इस बारे में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोल चुके हैं। सीएम ने आगे कहा कि अचानक पता नहीं क्या हो गया है। वे किसकी भाषा बोल रहे हैं।
उपेंद्र कुशवाहा द्वारा अलग बैठक बुलाने के बारे में पूछने पर नीतीश कुमार ने कहा कि मैं इन चीजों पर बोलना नहीं चाहता हूं। यह अचानक दो माह में हुआ है। रोज-रोज एक ही बात बोलने का मतलब क्या है। इसके प्रचार का मतलब लोगों को समझ में आ रहा है। इसका प्रचार कौन कर रहा है। नीतीश कुमार ने वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव की भी चर्चा की और कहा कि हम लोगों ने उनके (भाजपा) साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। मंत्रिमंडल में तीन से चार की मांग की थी, लेकिन वह (भाजपा) एक ही दे रहे थे। तब हमने कहा कि नहीं लेंगे। उसके बाद जब विधानसभा का चुनाव हुआ तो क्या हुआ।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों उपेंद्र कुशवाहा ने पटना स्थित अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस कर कहा था कि नीतीश कुमार ने संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष के नाम पर उन्हें झुनझुना पकड़ा दिया। सच तो यह है कि पार्टी में उकी कोई भूमिका नहीं है। उनके कोई भी राय नहीं ली जाती है। कुशवाहा ने आगे कहा कि जदयू और नीतीश कुमार बिहार में कमजोर हो गए हैं।