विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Banka Unique Marriage : लड़कों जैसे बाल और पैंट-शर्ट का अंदाज, राजमिस्त्री संग की मजदूरी; फिर सहेली से रचाया ब्याह

Published: Sun, 06 Sep 2026 05:33 PM (IST)

Banka Unique Marriage: बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र में दो नाबालिग सहेलियों के आपस में शादी रचाने का मामला ...और पढ़ें

Banka Unique Marriage: बांका के बेलहर में लड़के का वेश बनाकर किशोरी ने दूसरी लड़की की मांग में भरा सिंदूर, थाने पहुंची दोनों। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

Banka Unique Marriage: बांका के बेलहर में लड़के का वेश बनाकर किशोरी ने दूसरी लड़की की मांग में भरा सिंदूर, थाने पहुंची दोनों। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

HighLights

  1. बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र में दो नाबालिग सहेलियों ने आपस में रचाई शादी, मांग में भरा सिंदूर

  2. एक साल पहले बड़ी बहन से शादी की हुई थी नाकाम कोशिश, अब छोटी बहन के साथ रचाया ब्याह

  3. परिजनों और ग्रामीणों के कड़े विरोध के बाद भी साथ रहने पर अड़ीं दोनों; डायल 112 ने लिया संरक्षण में

संवाद सूत्र, बेलहर (बांका)। Banka Unique Marriage: मोहब्बत जब परवान चढ़ती है तो समाज की सारी बंदिशें और कायदे-कानून बेमानी लगने लगते हैं। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के एक गांव से सामने आया है, जहां दो नाबालिग लड़कियों ने समाज के रीति-रिवाजों को धता बताते हुए आपस में विवाह रचा लिया। एक किशोरी ने बकायदा लड़के का वेश धारण कर दूसरी लड़की की मांग में सिंदूर भरा और जीवन भर साथ निभाने की कसमें खाईं। इस अनोखी शादी की खबर फैलते ही गांव में भारी बखेड़ा खड़ा हो गया। स्वजनों और ग्रामीणों के समझाने के बावजूद दोनों एक-दूसरे से अलग होने को तैयार नहीं हैं।

  • लड़के का वेश बनाकर राजमिस्त्री और डेकोरेशन का काम करती है एक किशोरी, कमाई प्रेमिका पर करती थी खर्च

कहानी किसी फिल्मी पटकथा जैसी दिलचस्प है। शादी रचाने वाली एक किशोरी बिल्कुल लड़कों की वेशभूषा में रहती है। वह पैंट-शर्ट पहनती है, लड़कों जैसे बाल रखती है और गांव में रहकर बकायदा मेहनत-मजदूरी करती है। वह राजमिस्त्री के साथ मजदूरी और टेंट-डेकोरेशन का काम कर अपनी आजीविका चलाती है। काम से जो भी पैसे मिलते, वह अपनी प्रेमिका की खुशियों और शौक पूरे करने पर खर्च करती थी। दोनों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से आंख-मिचौली और प्यार का सिलसिला चल रहा था।

बड़ी बहन से नहीं हो सकी शादी, तो छोटी पर आया दिल

ग्रामीणों की मानें तो इस प्रेम कहानी का पहला अध्याय करीब एक साल पहले शुरू हुआ था। उस वक्त लड़के का रूप रखने वाली इस किशोरी ने गांव की ही एक अन्य लड़की (वर्तमान प्रेमिका की बड़ी बहन) के साथ शादी करने की जिद ठान ली थी। तब ग्रामीणों और स्वजनों के भारी हंगामे के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया था। इसके बाद परिवार वालों ने आनन-फानन में बड़ी बेटी की शादी किसी अन्य जगह करा दी। मामला कुछ दिन शांत रहा, लेकिन प्रेमी दिल को सुकून कहां था।

बड़ी बहन के विदा होते ही उसका संपर्क घर में मौजूद उसकी छोटी बहन से बढ़ने लगा। पहले दोनों के बीच बातचीत और दोस्ती हुई, जो देखते ही देखते गहरे इश्क में तब्दील हो गई। दोनों ने हर हाल में साथ जीने-मरने का इरादा कर लिया।

घर से ले जाकर भरी मांग, डायल 112 की टीम ने लिया संरक्षण में

रविवार की दोपहर बाद यह ड्रामा अपने चरम पर पहुंच गया। लड़के के वेश वाली किशोरी अपनी प्रेमिका को उसके घर से अपने घर लेकर पहुंची। वहां उसने पारंपरिक रस्म निभाते हुए उसकी मांग में सिंदूर भर दिया और उसे अपनी जीवनसंगिनी घोषित कर दिया।

सिंदूरदान की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। परिजनों ने दोनों को समझाने और अलग करने की भरसक कोशिश की, लेकिन दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं। हालात बिगड़ते देख स्वजनों ने डायल 112 पर फोन घुमा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों किशोरियों को अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने पहुंचाया।

थाने में दोनों पक्षों के परिजन पहुंचे हुए हैं और पुलिस दोनों किशोरियों की काउंसलिंग कर उन्हें समझाने में जुटी है। एसआई गौतम कुमार ने बताया कि दोनों नाबालिग हैं। उन्हें कानून और सामाजिक व्यवस्था का हवाला देकर समझाया जा रहा है। मामले में स्वजनों की ओर से मिलने वाले औपचारिक लिखित आवेदन के आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।