एक घर से उठीं पति-पत्नी और बेटी की अर्थियां, बांका जिले के भिट्टी गांव में पसरा मातम
बांका के भिट्टी गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों - पति, पत्नी और चार साल की बेटी - ...और पढ़ें

भिट्टी गांव में पसरा मातम, एक घर से उठीं पति-पत्नी और बेटी की अर्थियां
HighLights
पति, पत्नी और बेटी की एक साथ उठी अर्थियां।
अकबरनगर स्टेशन पर ट्रेन हादसे में हुई मौत।
बेटी के इलाज के लिए भागलपुर जा रहा था परिवार।
संवाद सहयोगी, शंभुगंज (बांका)। पड़रिया पंचायत के भिट्टी गांव में बुधवार का मंजर हर किसी को झकझोर देने वाला था। एक ही घर से पति सुबोध मंडल, पत्नी पूनम देवी और उनकी चार वर्षीय मासूम बेटी राधिका कुमारी की अर्थियां एक साथ उठीं। तीनों की अंतिम यात्रा में पूरा गांव उमड़ पड़ा।
स्वजनों की चीख-पुकार और ग्रामीणों की नम आंखों से माहौल गमगीन रहा। गांव के बुजुर्गों ने कहा कि उन्होंने इससे पहले ऐसा हृदयविदारक दृश्य नहीं देखा था।
ज्ञात हो कि अकबरनगर स्टेशन पर हुए हादसे के बाद तीनों शवों का पोस्टमार्टम भागलपुर के मायागंज अस्पताल में कराया गया। मंगलवार देर रात शवों को भिट्टी गांव लाया गया।
शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना से आहत ग्रामीणों ने भी शोक में रात से अपने घरों में चूल्हे नहीं जलाए। पूरा गांव शोक में डूबा रहा।
तीनों शवों का अंतिम संस्कार अजगैबीनाथ धाम स्थित गंगा तट पर किया गया। मृतक सुबोध मंडल के बड़े भाई रंजन मंडल के पुत्र छोटू मंडल ने तीनों को मुखाग्नि दी।
एक साथ तीन चिताएं जलती देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। हर किसी की जुबान पर यही सवाल था कि आखिर एक हादसे ने सुबोध के पूरे परिवार को कैसे उजाड़ दिया।
बेटी का इलाज कराने निकला था परिवार
बताया गया कि सुबोध मंडल अपनी पत्नी पूनम देवी और चार वर्षीय बेटी राधिका का इलाज कराने भागलपुर जा रहे थे। वह पत्नी और बेटी के साथ ससुराल अमरपुर के पाटकी से आटो से अकबरनगर पहुंचे थे।
श्रीरामपुर केबिन के समीप जल्दबाजी में प्लेटफॉर्म पहुंचने के लिए तीनों पटरी के सहारे आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान अप लाइन की ओर से मालगाड़ी आती देख वे एक नंबर प्लेटफॉर्म की ओर बढ़े। सामने से आ रही देवघर मेमू स्पेशल ट्रेन की चपेट में आने से सुबोध और पूनम की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल राधिका को जीआरपीएफ जवान की मदद से रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान राधिका ने भी दम तोड़ दिया। एक ही हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत से भिट्टी गांव में मातम पसरा हुआ है।
