बांका के तिलडीहा मेला में 13 दंडाधिकारी ड्यूटी से गायब, रात में SDO के औचक निरीक्षण में खुली पोल, शोकॉज से मचा हड़कंप
बांका जिले के तिलडीहा दुर्गा मंदिर मेले में महासप्तमी की रात 13 दंडाधिकारी ड्यूटी से नदारद पाए गए। सदर एसडीओ ...और पढ़ें

बांका के प्रसिद्ध तिलडीहा मेला में ड्यूटी से गायब मिले 13 दंडाधिकारी
HighLights
13 दंडाधिकारी तिलडीहा मेले में ड्यूटी से अनुपस्थित मिले।
एसडीओ राज कुमार ने औचक निरीक्षण में लापरवाही पकड़ी।
सभी अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
संवाद सहयोगी, शंभुगंज (बांका)। बांका जिले के सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ तिलडीहा दुर्गा मंदिर में आयोजित ऐतिहासिक मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और विधि-व्यवस्था संधारण के लिए तैनात दंडाधिकारियों की घोर लापरवाही पहले ही दिन उजागर हो गई।
जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल के कड़े और स्पष्ट निर्देशों के बावजूद प्रतिनियुक्त किए गए 13 दंडाधिकारी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट्स से नदारद पाए गए। महासप्तमी की देर रात बांका सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) राज कुमार द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में प्रशासनिक लापरवाही की यह पोल खुली। इस अनुशासनहीनता को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए एसडीओ ने सभी 13 अनुपस्थित अधिकारियों व कर्मियों को कारण बताओ नोटिस (शोकॉज) थमा दिया है।
सप्तमी की रात एसडीओ ने किया औचक मुआयना
तिलडीहा दुर्गा मंदिर में नवरात्र और विजयादशमी के पावन अवसर पर बिहार ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों झारखंड और पश्चिम बंगाल से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर, पहुंच मार्ग, तिलडीहा बगीचा स्थित पार्किंग स्थल और विभिन्न संवेदनशील चौराहों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की विशेष तैनाती की गई थी।
ड्यूटी से नदारद 13 दंडाधिकारियों की सूची
धनंजय कुमार – आवास सहायक, शंभुगंज
प्रीतम कुमार साह – आवास सहायक, शंभुगंज
मयंक कुमार – एटीएम, फुल्लीडुमर
चंदन कुमार – सीडीपीओ, फुल्लीडुमर
विजय कुमार – पीआरएस, रजौन
अर्चना कुमारी – बीपीआरओ, बेलहर
कुणाल बिहारी – पीआरएस, बेलहर
अनंत कुमार – प्राक्कलन पदाधिकारी, ग्रामीण कार्य विभाग, बांका
ज्ञान चंद – पंचायत तकनीकी सहायक, बांका
अरुण कुमार – सहायक अभियंता, सिंचाई विभाग
बी. तयैबा – आवास सहायक, बांका
मु. शरबर अंसारी – कार्यपालक सहायक, आरटीपीएस, धोरैया
मु. अलीम – कार्यपालक सहायक पदाधिकारी, फुल्लीडुमर
सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को रोस्टर के अनुसार समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहकर भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का सख्त आदेश था। लेकिन सप्तमी की रात जब सदर एसडीओ राज कुमार दलबल के साथ मेला क्षेत्र की जमीनी हकीकत परखने निकले, तो कई अहम ड्यूटी प्वाइंट्स पर दंडाधिकारी गायब मिले।
विभिन्न विभागों के 13 अधिकारियों व कर्मियों पर गिरी गाज
एसडीओ के औचक निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए कर्मियों में प्रखंडों के कई महत्वपूर्ण पदों पर बैठे अधिकारी व कर्मी शामिल हैं। मेला क्षेत्र में दंडाधिकारियों की इस गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली पर सख्त रुख अपनाते हुए सदर एसडीओ राज कुमार ने कहा कि तिलडीहा मेला जैसे अत्यंत संवेदनशील और विशाल जनसमूह वाले धार्मिक आयोजन में ड्यूटी से अनुपस्थित रहना कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता है।
24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण, कार्रवाई की चेतावनी
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी 13 अनुपस्थित कर्मियों से शोकॉज कर निर्धारित समय में जवाब तलब किया गया है। यदि उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके विरुद्ध कठोर विभागीय व अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा जिलाधिकारी से की जाएगी। प्रशासन के इस कड़े एक्शन से मेला ड्यूटी में तैनात अन्य अधिकारियों और सुरक्षाबलों में हड़कंप मच गया है।
