बांका में बेखौफ बालू माफिया: छापामारी करने गई खनन टीम और पुलिस पर पथराव, 28 पर FIR
बांका में अवैध बालू खनन की शिकायत पर छापामारी करने गई खनन टीम और पुलिस पर बालू तस्करों ने हमला कर दिया, जिसमें वाहनों को नुकसान पहुंचा।

बांका में बेखौफ बालू माफिया: छापामारी करने गई खनन टीम और पुलिस पर पथराव, 28 पर FIR
HighLights
अवैध बालू खनन रोकने गई टीम पर तस्करों का हमला।
हमले में पुलिस वाहन और जेसीबी क्षतिग्रस्त, मोबाइल चोरी।
28 नामजद बालू माफिया पर प्राथमिकी, 4.24 लाख जुर्माना।
संवाद सहयोगी, बांका। अवैध बालू खनन की शिकायत पर सोमवार को टाउन थाना क्षेत्र के लकड़ीकोला क्षेत्र में छापेमारी करने पहुंची जिला खनन टीम पर बालू तस्करों ने हमला कर दिया। इस दौरान तस्करों ने पत्थर और डंडे से खनन टीम के साथ मौके पर पहुंची बांका थाना पुलिस पर भी हमला किया।
हमले में बांका थाना की गाड़ी के शीशे टूट गए। खनन टीम के वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। तस्करों ने ट्रैक्टर निकालने में लगी जेसीबी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और उसके चालक का मोबाइल लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, अवैध खनन की शिकायत पर टीम ने लकड़ीकोला क्षेत्र में छापेमारी कर दो ट्रैक्टर जब्त किए थे। दोनों वाहनों को थाना लाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन चालकों ने जानबूझकर ट्रैक्टरों को नदी घाट में फंसा दिया।
जेसीबी की मदद से वाहनों को निकालने के दौरान करीब 30-40 की संख्या में बालू माफिया वहां पहुंचकर टीम पर हमला कर दिया। साथ ही जेसीबी का भी शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया है।
इस बाबत खनन निरीक्षक आदित्य कुमार के बयान पर जब्त ट्रैक्टरों की वीडियोग्राफी के आधार पर बांका थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जिला खनन पदाधिकारी बलवंत सिंह ने कहा कि अवैध खनन से हुई राजस्व क्षति के लिए 4.24 लाख रुपये का दंड भी लगाया गया है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से हमले व अवैध खनन में शामिल 28 नामजद बालू माफिया को चिह्नित किया गया है।
इनके अलावा अन्य अज्ञात के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपितों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
