विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के बांका न्यूक्लियर प्लांट को मिलेगा गंगा का पानी, अजगैवीनाथ धाम से शंभूगंज क्षेत्र तक बिछेगी पाइपलाइन 

Published: Tue, 08 Sep 2026 04:01 PM (IST)

बांका के बेलहर में प्रस्तावित 1400 मेगावाट के न्यूक्लियर पावर प्लांट के लिए जलसंसाधन विभाग ने गंगा नदी से 11 महीने पानी उपलब्ध कराने की एनओसी दे दी है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. बांका में 1400 मेगावाट न्यूक्लियर पावर प्लांट स्थापित होगा।

  2. गंगा नदी से 11 महीने पानी की आपूर्ति होगी।

  3. पाइपलाइन बिछाने और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी।

संवाद सूत्र, शंभूगंज (बांका)। बांका जिले के बेलहर में प्रस्तावित 1400 मेगावाट क्षमता के इलेक्ट्रिकल न्यूक्लियर पावर प्लांट को पानी उपलब्ध कराने की दिशा में जलसंसाधन विभाग ने अहम कदम उठाया है।

प्लांट के संचालन के लिए गंगा नदी से 11 महीने पानी उपलब्ध कराने को विभाग ने एनओसी दे दी है। प्रस्तावित परियोजना में 700-700 मेगावाट की दो इकाइयां स्थापित की जानी हैं। इसके लिए प्रतिवर्ष करीब 80 एमसीएम पानी की आवश्यकता का अनुमान है।

मुख्य सचिव स्तर पर हुई बैठक में तय किया गया कि अंतरिम व्यवस्था के तहत अजगैवीनाथ धाम से गंगा का पानी लिफ्ट कर पाइपलाइन के जरिए शंभुगंज क्षेत्र तक पहुंचाया जाएगा।

हर वर्ष नवंबर से सितंबर तक लगातार पानी की आपूर्ति होगी। मानसून के दौरान एक माह गंगा में पर्याप्त जल उपलब्ध रहने के कारण पाइपलाइन से आपूर्ति बंद रखी जाएगी।

ज्ञात हो कि प्लांट के संचालन में प्रतिदिन करीब 22 एमएलडी पानी की जरूरत होगी। उपयोग के बाद पानी को ओदरा जलाशय में छोड़े जाने की योजना है। इससे पानी की आपूर्ति के साथ इस्तेमाल किए गए पानी की निकासी की व्यवस्था भी सुनिश्चित होगी।

पाइपलाइन बिछाने के लिए बांका जिले में करीब 110.077 डिसमिल जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। इसके लिए अधिघोषणा जारी हो चुकी है। संबंधित किसानों को मुआवजा देकर जमीन अधिग्रहित की जाएगी।

प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट बेलहर प्रखंड क्षेत्र में स्थापित किया जाना है। परियोजना के लिए करीब 1400 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।

गंगा से पानी लाने की व्यवस्था के साथ जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ने से परियोजना के लिए आधारभूत संरचना तैयार करने का रास्ता साफ होता दिख रहा है।