कार व ऑटो टक्कर में तीन महिला सहित आठ जख्मी
बांका। असरगंज मुख्य मार्ग रायपुरा गांव के समीप शनिवार को कार एवं ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में तीन महिला सहित आठ लोग जख्मी हो गए।
बांका। असरगंज मुख्य मार्ग रायपुरा गांव के समीप शनिवार को कार एवं ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में तीन महिला सहित आठ लोग जख्मी हो गए। जख्मी में वारसावाद के सतीश यादव, हलकराचक गांव की अनिष्ठा देवी, बुल्लू यादव एवं प्रिस कुमार शामिल हैं। जबकि टोयटा कार पर सवार झारखंड दुमका के एक ही परिवार के रविन्द्र कुमार, सीता देवी, पूनम देवी एवं रानी देवी शामिल हैं। इसमें गंभीर रूप से जख्मी अनिष्ठा देवी की हालत नाजुक देख डॉ. रंजीत कुमार ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना का कारण वाहन के तेज गति व चालक का संतुलन खोना बताया है।
रविन्द्र कुमार परिवार के साथ मौनी अमावस्या के मौके पर गंगा स्नान करने आए थे। शनिवार को कार से वापस दुमका लौट रहे थे। इसी क्रम में शंभूगंज की ओर से असरगंज की ओर लौट रहे ऑटो से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग दौड़कर पहुंचे और सभी जख्मी को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस के पहुंचने के पूर्व ऑटो चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहन को जब्त कर लिया है। दो दिन पूर्व भी रूदपैय गांव के समीप ऑटो एवं बाइक की टक्कर हुई थी।