ट्रक लूट मामले में पुलिस को नहीं मिला सुराग
बांका। ट्रक लूट मामले में घटना के तीसरे दिन शुक्रवार को भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस हवा में तीर मार रही है।
बांका। ट्रक लूट मामले में घटना के तीसरे दिन शुक्रवार को भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस हवा में तीर मार रही है।
दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने बुधवार की रात इंग्लिशमोड़-पुनसियामार्ग पर ट्रक चालक और खलासी से हथियार के बल पर ट्रक लूट लिए थे। अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध केस किया गया है। बंगाल के चालक मंगल मुर्मू ने पुलिस से बताया था कि मधेपुरा से खाद अनलोडिग कर अमरपुर के रास्ते पुनसिया की ओर जा रहे थे। इसी बीच जेठौर और अजीतनगर पहाड़ के समीप दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने हथियार के बल पर ट्रक लूट लिया था। दोनों को रस्सी से बांधकर सड़क पर छोड़ दिया था।
शुक्रवार को चालक मंगल मुर्मू और खलासी चुनाराम मुर्मू ने पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार एवं थानाध्यक्ष सुमित कुमार को घटना के बारे में विस्तृत जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रक लूट मामले की जांच की गई है। पुनसिया बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज में ट्रक को लेकर जाने का कोई सुराग नहीं मिला है। इंग्लिशमोड़ के सीसीटीवी फुटेज में ट्रक पुनसिया की दिशा में जाते हुए दिखा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शंभूगंज सहित झारखंड के हंसडीहा, पोड़ैयाहाट, सरैयाहाट थाना से भी संपर्क किया गया है। अब तक कहीं से कोई सुराग नहीं मिला है। बताया कि ट्रक लूट कांड का जल्द ही पर्दाफाश कर लिया जाएगा।