मतदान के बाद पीबीएस की परिक्रमा में जुटे प्रत्याशी
बांका। बेलहर विधानसभा उपचुनाव का मतदान खत्म होते ही दोनों प्रमुख प्रत्याशी ने बांका में डेरा जमा लिया है।
बांका। बेलहर विधानसभा उपचुनाव का मतदान खत्म होते ही दोनों प्रमुख प्रत्याशी ने बांका में डेरा जमा लिया है। प्रत्याशियों ने पीबीएस कॉलेज में मतगणना के लिए बने वज्रगृह का भी जायजा लिया।
इसके बाद दोनों प्रत्याशी दिन भर मतगणना ऐजेंट बनाने के जरूरी कागजात को अंतिम रूप देते रहे। चारों प्रत्याशी को 14 टेबल पर मतगणना के लिए एक-एक तथा सेंट्रल टेबल पर एक मतगणना एजेंट बहाल करने की अनुमति है। इसके अलावा खुद प्रत्याशी और उसके चुनाव अभिकर्ता मतगणना में उपस्थित रह सकेंगे। इसके लिए सभी का 17-17 पास बन रहा है।
--------------
24वें राउंड तक चलेगी मतगणना :
बेलहर विधानसभा जिला का सबसे बड़ा विधानसभा है। इसमें मतदाता की संख्या भी तीन लाख पार है। उपचुनाव के मतदान में करीब एक लाख 60 हजार मतदाता ने मताधिकार का प्रयोग किया। यह मत 329 ईवीएम में बंद है। मतों की गिनती का काम एक साथ 14 टेबल पर शुरू होगा। ऐसे में बेलहर की मतगणना 24वें राउंड में जाकर खत्म होगी। इस कारण गिनती में छह घंटे तक का समय लग सकता है। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। पहले घंटे में दो से तीन राउंड की गिनती हो सकेगी। इसके बाद हर घंटे चार से पांच राउंड मतों की गिनती होने लगी। दोपहर 12 बजे तक रूझान साफ हो जाएगा। गिनती खत्म होने में दो बजे तक का इंतजार लोगों को करना होगा। वैसे गिनती फुल्लीडुमर प्रखंड के उत्तरी पश्चिमी छोर के बूथ से होगी। इसके बाद बेलहर प्रखंड के मतों की गिनती पूरी होगी। अंत में चांदन प्रखंड के मतों की गिनती होगी। फुल्लीडुमर प्रखंड की बढ़त ही परिणाम की पटकथा लिख देगी। लोगों को राजद और जदयू के अलावा विनोद पंडित, कज्जाम अंसारी और नोटा को पड़े मतों का भी इंतजार है।