जनता दरबार में नहीं हो रहा मामले की सुनवाई
बांका। सीओ व थानाध्यक्ष के संयुक्त रुप से जनता दरबार में कई मामले सामने आए लेकिन एक भी मामले का निदान नहीं होता है।
बांका। सीओ व थानाध्यक्ष के संयुक्त रुप से जनता दरबार में कई मामले सामने आए लेकिन एक भी मामले का निदान नहीं होता है। इस कारण जनता दरबार से लोगों का मोहभंग हो रहा है।
अमरपुर: सीओ सुनील कुमार साह द्वारा जनता दरबार लगाया गया। जिसमें एक दर्जन से अधिक भूमि विवाद के मामले को लेकर फरियादी पहुंचे थे। नंदलालपट्टी गांव के दशरथ तांती व मोहन तांती, रानीकित्ता गांव के सीताराम यादव, बीरमां के पप्पू साह सहित अन्य लोग भूमि संबंधी मामले को लेकर आवेदन दिया। सीओ ने बताया कि सभी आवेदन के आलोक में शिकायतकर्ता से कागजात मांगे। अनि राजेश कुमार सिंह सहित अंचल कर्मी मौके पर मौजूद थे।
धोरैया: सीओ की अनुपस्थिति में थानाध्यक्ष शंकर दयाल प्रभाकर ने आधा दर्जन मामले की सुनवाई की गई। भगवानपुर के मोइन अंसारी ने बताया कि भूमि विवाद को लेकर दो महीने पहले आवेदन दिया गया है। अभी तक उसका निष्पादन नहीं किया गया। जिसके कारण प्रत्येक शिविर में थाना का चक्कर लगाना पड़ रहा है। बैजनाथपुर गांव निवासी मोकिल अंसारी ने बताया की उसकी जमीन पर मसराइल मंसूरी ने छज्जा दे दिया। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। रणगांव के संतोष कुमार सिंह ने चचेरे भाई पर जमीन में हिस्सा नहीं देने की शिकायत की। सरवा गांव के संजय कुमार मंडल ने रास्ता विवाद की समस्या से अवगत कराया। चंदाडीह के तारणी मंडल ने कुछ लोगों पर नींव खोदने का आरोप लगाया। इधर, थानाध्यक्ष ने कहा कि प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई करते हुए दोनों पक्षों को नोटिस दिया जा रहा है।
चांदन: जनता दरबार में लोगों को समुचित लाभ नहीं मिलने के कारण अब एकाध आवेदन ही यहां पहुंचता है। वैसे इस थाना अंतर्गत सबसे अधिक मामले जमीन सम्बन्धी होते है। जिसका निपटारा अंचल कार्यालय से हो सकता है। पर खुद थानाध्यक्ष नीरज तिवारी और सीओ शंभु शरण राय मानते है कि पूर्व के राजस्व कर्मचारी के कारण यहां भूमि विवाद बढ़ गया है। जिसका अंतिम निदान न्यायालय से ही संभव है।
बौंसी: प्रभारी अंचल निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह ने आए हुए फरियादियों का आवेदन लेते हुए बारी-बारी से कार्य का निष्पादन किया। करीब दर्जनभर फरियादी का आवेदन लिया गया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार यादव भी मौजूद थे।