विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका : तेज बहाव में बह गया मिर्चनी नदी का डायवर्जन; धोरैया के कुरमा में ग्रामीण जोखिम उठाकर पार कर रहे नदी; आवागमन ठप

Published: Thu, 03 Sep 2026 11:59 AM (IST)

बांका के धोरैया प्रखंड के कुरमा गांव में मिर्चनी नदी पर बना डायवर्जन तेज बहाव में बह गया है। इससे ...और पढ़ें

Banka News: धोरैया के कुरमा में मिर्चनी नदी का डायवर्जन बहा, पानी में उतरकर आवागमन को मजबूर ग्रामीण

Banka News: धोरैया के कुरमा में मिर्चनी नदी का डायवर्जन बहा, पानी में उतरकर आवागमन को मजबूर ग्रामीण

HighLights

  1. धोरैया के कुरमा में मिर्चनी नदी का डायवर्जन बहा।

  2. आवागमन ठप, ग्रामीण जोखिम उठाकर नदी पार करने को मजबूर।

  3. प्रशासन से तत्काल मरम्मत कर आवागमन बहाल करने की मांग।

संवाद सहयोगी, धोरैया (बांका)। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कुरमा गांव में ईदगाह के पीछे मिर्चनी नदी पर बना डायवर्जन नदी के तेज बहाव में बह गया है। डायवर्जन के ध्वस्त हो जाने से ग्रामीणों और राहगीरों के सामने आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सड़क संपर्क पूरी तरह कट जाने के कारण लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए मजबूरन नदी के बहते पानी में उतरकर आर-पार होना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, हालिया मूसलाधार बारिश के बाद मिर्चनी नदी के जलस्तर और बहाव में अप्रत्याशित वृद्धि हो गई। पानी के तेज दबाव को डायवर्जन झेल नहीं सका और उसका एक बड़ा हिस्सा धारा में समा गया। वर्तमान में नदी में पानी का तेज प्रवाह बना हुआ है, जिससे पैदल आवाजाही करना भी बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है। सबसे ज्यादा फजीहत स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को झेलनी पड़ रही है। जरूरी कार्यों, इलाज और हाट-बाजार जाने के लिए लोग जान हथेली पर रखकर नदी पार करने को विवश हैं।

  • धोरैया प्रखंड के कुरमा गांव में ईदगाह के पीछे मिर्चनी नदी पर बना डायवर्जन तेज धार में बहा

  • संपर्क मार्ग टूटने से आसपास के कई गांवों का आवागमन पूरी तरह बाधित, रोजमर्रा के कामों पर असर

  • महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे जोखिम उठाकर पानी के बीच से नदी पार करने को विवश

  • ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत कराने और आवागमन सुचारू करने की उठाई मांग

कई गांवों का संपर्क कटा, तत्काल मरम्मत की मांग

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह डायवर्जन कुरमा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों के आवागमन का मुख्य जरिया था। इसके बह जाने से न केवल रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हो रही हैं, बल्कि क्षेत्र का सीधा संपर्क भी टूट चुका है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित कार्यपालक विभाग से मामले का संज्ञान लेते हुए युद्धस्तर पर डायवर्जन की मरम्मत कराने और सुरक्षित आवागमन बहाल करने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासनिक पहल नहीं की गई और आगे बारिश से नदी का जलस्तर और बढ़ा, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है और स्थिति पूरी तरह अनियंत्रित हो जाएगी।