विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका में बहियार के पास पति ने चाकू घोंपकर ली पत्नी की जान! चीख सुन दौड़े राहगीरों ने दबोचा, दूसरी शादी का विवाद

Published: Sun, 20 Sep 2026 10:06 PM (IST)

Banka Murder News: बांका में पारिवारिक विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी को सुनसान रास्ते पर ले जाकर ...और पढ़ें

Banka Murder News: बांका में विवाद सुलझाने के बहाने गांव ले जाकर पति ने पत्नी को चाकू से गोदा, मौके पर मौत; राहगीरों ने आरोपी को दबोचा

Banka Murder News: बांका में विवाद सुलझाने के बहाने गांव ले जाकर पति ने पत्नी को चाकू से गोदा, मौके पर मौत; राहगीरों ने आरोपी को दबोचा

HighLights

  1. पति ने पारिवारिक विवाद में पत्नी की चाकू से हत्या की।

  2. सुनसान बहियार में वारदात, राहगीरों ने आरोपी को पकड़ा।

  3. पुलिस ने हत्यारे पति को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।

संवाद सूत्र, रजौन (बांका)। Banka Murder News: जिले के नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र में रविवार की देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पारिवारिक विवाद के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी को सुनसान रास्ते पर ले जाकर चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। घटना रजौन और नवादा थाना क्षेत्र की सीमा के समीप स्थित सैदपुर और खजूरकोरामा बहियार के बीच एकांत जगह पर हुई।

पत्नी की दर्दनाक चीख सुनकर वहां से गुजर रहे स्थानीय राहगीर मौके पर दौड़े और भागने की कोशिश कर रहे आरोपी पति प्रमोद दास को रंगेहाथ दबोच लिया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुजीत कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे, हालांकि तब तक अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला दम तोड़ चुकी थी।

मृतका की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के धनिया गढ़िया गांव निवासी प्रमोद दास की करीब 30 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी के रूप में की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

विवाद सुलझाने का झांसा देकर लाया था साथ

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रमोद दास बांका शहर में रहकर जूते-चप्पल की मरम्मत (मोची) का काम करता है। दंपती के बीच पिछले काफी समय से पारिवारिक कलह चल रही थी। रविवार को भी बांका स्थित आवास पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। इसके बाद पति ने विवाद को शांत कराने और घर चलकर मामला सुलझाने का झांसा दिया। पत्नी उसके बहकावे में आ गई और दोनों रविवार की शाम बांका से अपने पैतृक गांव धनिया गढ़िया के लिए निकले।

सुनसान बहियार में उतारा और पेट-गले पर किए ताबड़तोड़ वार

गांव पहुंचने से करीब चार किलोमीटर पहले ही सैदपुर और खजूरकोरामा के बीच सुनसान बहियार के पास प्रमोद ने गाड़ी रुकवाई और दोनों सड़क किनारे उतर गए। वहां पहुंचते ही प्रमोद ने अपने पास छिपाकर रखा धारदार चाकू निकाला और रिंकू देवी पर जानलेवा हमला बोल दिया। उसने महिला के गले और पेट पर चाकू से कई गहरे वार किए।

  • बांका के नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदपुर और खजूरकोरामा बहियार के बीच रविवार शाम हुई वारदात

  • बांका में मोची का काम करने वाले प्रमोद दास ने विवाद सुलझाने के बहाने पत्नी रिंकू देवी को पैतृक गांव चलने को कहा

  • गांव से चार किलोमीटर पहले सुनसान रास्ते पर चाकू से गले और पेट पर किए ताबड़तोड़ वार, महिला की मौके पर ही मौत

  • चीख सुनकर दौड़े राहगीरों ने आरोपी को मौके पर ही दबोचकर पुलिस को सौंपा; एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने घटनास्थल की जांच की

अचानक हुए हमले से बदहवास महिला जान बचाने के लिए जोर-जोर से चीखने लगी। शाम के वक्त सुनसान रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने जब महिला की चीख सुनी तो वे तुरंत आवाज की दिशा में दौड़े। ग्रामीणों और राहगीरों ने घेराबंदी कर आरोपी प्रमोद दास को हथियार सहित मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

दूसरी शादी और प्रेम-प्रसंग के बिंदु पर जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, अधेड़ प्रमोद दास ने रिंकू देवी के साथ दूसरी शादी की थी। शादी के कुछ वर्ष बीतने के बाद से ही दोनों के बीच तनाव रहने लगा था। चर्चा यह भी है कि पति अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क में होने के संदेह को लेकर नाराज रहता था।

हालांकि पुलिस ने अभी तक अवैध संबंध या प्रेम-प्रसंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से हिरासत में गहन पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद ही हत्या की असल वजह स्पष्ट होगी।

"पारिवारिक विवाद में पति द्वारा चाकू से वार कर पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के तुरंत बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।"

-

— इंद्रजीत बैठा, एसडीपीओ, बांका