ओवरटेक के चक्कर में खड़े हाईवा में जा घुसा दूसरा हाईवा! बांका में खलासी की मौके पर मौत; केबिन में फंसा रहा चालक
Banka Barahat Road Accident: बांका के बाराहाट में ओवरटेक के प्रयास में एक हाईवा ने सड़क किनारे खड़े हाईवा को ...और पढ़ें

Banka Barahat Road Accident: भागलपुर-हंसडीहा मार्ग पर खड़े वाहन में घुसा तेज रफ्तार हाईवा, खलासी की मौत; चालक गंभीर
HighLights
बाराहाट में तेज रफ्तार हाईवा ने खड़े हाईवा को टक्कर मारी।
दुर्घटना में उपचालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
चालक केबिन में फंसा, गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती।
संवाद सूत्र, बाराहाट (बांका)। Banka Barahat Road Accident: भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर बाराहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराणा गांव के समीप मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार गिट्टी लदे हाईवा ने सड़क किनारे पहले से खड़े एक अन्य हाईवा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में हाईवा के उपचालक (खलासी) की घटनास्थल पर ही दबकर मौत हो गई, जबकि चालक केबिन में बुरी तरह फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हाईवा बौंसी की ओर से गिट्टी लोड कर बाराहाट की तरफ आ रहा था। महाराणा के समीप पहुंचते ही चालक ने आगे चल रहे एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान अत्यधिक गति होने के कारण चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे सड़क किनारे खड़े हाईवा से जा टकराई।
केबिन में फंसा चालक, गैस कटर व मशक्कत से निकाला गया
टक्कर इतनी जबरदस्त और तेज थी कि हाईवा का अगला हिस्सा और केबिन पूरी तरह पिचक गया। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े। दुर्घटना में उपचालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि चालक मुन्ना कुमार लहूलुहान हालत में क्षतिग्रस्त केबिन के अंदर ही फंसा रह गया और दर्द से कराहता रहा।
भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर बाराहाट थाना क्षेत्र के महाराणा के समीप मंगलवार दोपहर एक बजे घटा भीषण सड़क हादसा
बौंसी से गिट्टी लादकर बाराहाट आ रहा था हाईवा, ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर खड़े वाहन से टकराया
टक्कर में हाईवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त; उपचालक की मौके पर ही मौत, चालक मुन्ना कुमार गंभीर रूप से घायल
स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक को निकाला बाहर, सीएचसी बाराहाट में कराया भर्ती
सूचना मिलते ही बाराहाट थाना पुलिस भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोहे की चादरों को हटाकर चालक मुन्ना कुमार को बाहर निकाला।
अस्पताल में भर्ती चालक, शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल पुलिस वाहन और एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाराहाट पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की प्रक्रिया चल रही है।
इधर, पुलिस ने मृतक उपचालक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
