मंदार में छेड़खानी के आरोपितों पर फूटा लोगों का गुस्सा, अस्पताल में जड़े थप्पड़, तीनों को रिमांड पर लेगी बांका पुलिस
Banka Mandar Hill Case बांका में मंदार पर्वत पर नाबालिग से छेड़खानी के आरोपितों को मेडिकल जांच के दौरान अस्पताल ...और पढ़ें

बांका मंदार छेड़खानी केस के तीनों आरोपित।
HighLights
बांका में छेड़खानी आरोपितों को अस्पताल में जनता ने थप्पड़ जड़े।
मुख्य आरोपित अब्दुल्ला हावड़ा से गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर लेगी।
मंदार पर्वत मामले में स्पीडी ट्रायल और सख्त सजा की तैयारी।
जागरण संवाददाता, बांका। Banka Mandar Hill Case बिहार के अलग-अलग जिलों में बेटियों और छात्राओं के साथ घटित दरिंदगी व अभद्रता की घटनाओं को लेकर आम जनता का सब्र अब जवाब देने लगा है। जमुई में कोर्ट परिसर के भीतर आरोपित पर हुए हमले के बाद अब बांका में भी छेड़खानी के आरोपितों को भारी जनआक्रोश का सामना करना पड़ा।
मंदार पर्वत पर नाबालिग से छेड़खानी व ब्लैकमेलिंग के तीन मुख्य आरोपितों को जब पुलिस मेडिकल जांच के लिए बौंसी रेफरल अस्पताल लेकर पहुंची, तो वहां पहले से मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने सुरक्षा घेरे के बीच ही तीनों आरोपितों को थप्पड़ जड़ दिए और उनके साथ जमकर धक्का-मुक्की की। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपितों को सुरक्षित निकाला।
उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिन पूर्व जमुई के मड़वा पहाड़ मामले में भी ऐसा ही जनआक्रोश दिखा था, जहां न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान एक अधिवक्ता ने मुख्य आरोपित हरेराम यादव को थप्पड़ रसीद कर दिया था।
-1790567308811.webp)
हावड़ा से पकड़ा गया अब्दुल्ला, पुलिस लेगी रिमांड पर
मंदार पर्वत प्रकरण में बांका पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य आरोपित मु. अब्दुल्ला (निवासी: चिहार, थाना बाराहाट) को पश्चिम बंगाल के हावड़ा से धर दबोचा। बांका एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि बौंसी एसडीपीओ के नेतृत्व वाली टीम ने तकनीकी निगरानी के जरिए उसे ट्रैक किया। इसके अलावा दो अन्य मुख्य आरोपितों—अनंत कुमार और विभीषण कुमार (दोनों निवासी: चिहार, थाना पंजवारा) को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है।
बिहार में छेड़खानी मामलों पर पुलिस का शिकंजा
1. बांका (मंदार पर्वत कांड): मुख्य आरोपित मु. अब्दुल्ला (हावड़ा से गिरफ्तार), अनंत कुमार और विभीषण कुमार जेल भेजे गए। 2 नाबालिग संरक्षण में, 2 फरार। 47 'X' व 1 इंस्टाग्राम यूजर सहित अन्य पर केस। पुलिस लेगी रिमांड पर; स्पीडी ट्रायल की तैयारी।
2. जमुई (मड़वा पहाड़ कांड): सौरभ और छोटू गिरफ्तार। अब तक 2 नाबालिगों समेत कुल 7 आरोपित पकड़े गए। (पूर्व में नंदन, हरेराम और मिथुन की हुई थी गिरफ्तारी)।
3. किशनगंज (तुलसिया हाल्ट कांड): गुजरात से लौटते ही चौथा आरोपित शहजाद उर्फ सहजाद दिघलबैंक से गिरफ्तार। (पूर्व में शहजाद, मिनाज और अफसर आलम की गिरफ्तारी हो चुकी है)।
घटना में शामिल दो नाबालिगों को पुलिस ने विधि-सम्मत संरक्षण में लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। पूछताछ पूरी होने के बाद तीनों बालिग आरोपितों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए कोर्ट से इन्हें पुलिस रिमांड पर सौंपने की औपचारिक अर्जी दी है।
20 हजार की रंगदारी, स्पीडी ट्रायल से सजा दिलाने का संकल्प]
जांच में स्पष्ट हुआ है कि 3 जून को दूध देकर घर लौट रही पीड़िता को अनंत और विभीषण बहला-फुसलाकर मंदार पर्वत के निर्जन क्षेत्र में ले गए थे, जहां अब्दुल्ला व अन्य लड़कों ने पहुंचकर अभद्रता की और वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। आरोपितों ने वीडियो दबाने के नाम पर 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी, जिसके एवज में अनंत ने अब्दुल्ला के बैंक खाते में 1500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे।
इस प्रकरण में पीड़िता के परिजनों के आवेदन, आईटी एक्ट और सोशल मीडिया पर वीडियो शेयरिंग को लेकर कुल चार मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें साइबर थाने में 47 'X' (ट्विटर) व एक इंस्टाग्राम अकाउंट संचालक भी नामजद हैं। एसपी ने दोहराया कि अभियोजन पक्ष अदालत में स्पीडी ट्रायल की मांग करेगा ताकि दोषियों को अविलंब नजीर बनने वाली सजा दिलाई जा सके।
जमुई मड़वा पहाड़ बैड टच कांड: दो और दबोचे गए, संख्या बढ़कर 7 हुई
जमुई जिले के चर्चित मड़वा पहाड़ छात्रा उत्पीड़न मामले में पुलिस ने प्रतापुर इलाके से दो और आरोपितों—सौरभ तथा छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने पुष्टि की कि इस कांड में अब तक दो विधि-विरुद्ध बालकों समेत कुल सात आरोपित कानून के शिकंजे में आ चुके हैं। इससे पूर्व नंदन यादव, हरेराम यादव और मिथुन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
किशनगंज: गुजरात से लौटते ही चौथा आरोपित शहजाद गिरफ्तार
किशनगंज जिले के दिघलबैंक थाना क्षेत्र स्थित तुलसिया हाल्ट के पास युवती से बर्बर मारपीट व बदसलूकी के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपित शहजाद उर्फ सहजाद को धर दबोचा। किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए गुजरात भाग गया था। एसआईटी लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी और जैसे ही वह वापस दिघलबैंक लौटा, उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया गया। इस मामले में पूर्व में शहजाद, मिनाज और अफसर आलम की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक शेष फरार आरोपित की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
