विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिनलैंड में बिहार के अभिजात मिश्रा का बजा डंका! IEEE ने रिसर्च को दिया बेस्ट पेपर अवार्ड, IIT मुंबई से क्वालकॉम का सफर

Published: Sat, 19 Sep 2026 06:34 PM (IST)

Banka Youth Abhijat Mishra IEEE Best Paper Award: बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के अभिजात मिश्रा को फिनलैंड में IEEE ...और पढ़ें

Banka Youth Abhijat Mishra IEEE Best Paper Award: बांका के लाल का अंतरराष्ट्रीय मंच पर जलवा; फिनलैंड में अभिजात मिश्रा के शोध को मिला सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र का अवार्ड

Banka Youth Abhijat Mishra IEEE Best Paper Award: बांका के लाल का अंतरराष्ट्रीय मंच पर जलवा; फिनलैंड में अभिजात मिश्रा के शोध को मिला सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र का अवार्ड

HighLights

  1. अभिजात मिश्रा को फिनलैंड में IEEE का सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र सम्मान।

  2. आईआईटी मुंबई से ड्यूल डिग्री, वर्तमान में क्वालकॉम इंडिया में।

  3. उनके शोध ने वैश्विक वैज्ञानिक मंच पर भारत का मान बढ़ाया।

संवाद सूत्र, अमरपुर (बांका)। Banka Youth Abhijat Mishra IEEE Best Paper Award: प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती, इसे एक बार फिर सच साबित कर दिखाया है बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत डुमरामा गांव के होनहार लाल अभिजात मिश्रा ने। अभिजात ने फिनलैंड के अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मंच पर अपनी मेधा और तकनीकी दक्षता का लोहा मनवाते हुए न केवल अपने गृह जिले, बल्कि पूरे भारतवर्ष का मान वैश्विक स्तर पर बढ़ाया है।

इसी वर्ष उन्होंने देश के शीर्ष तकनीकी संस्थान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और एमटेक की दोहरी (ड्यूल) डिग्री प्राप्त की है। वर्तमान में वे हैदराबाद स्थित बहुराष्ट्रीय अमेरिकी सेमीकंडक्टर कंपनी क्वालकॉम इंडिया में बतौर तकनीकी विशेषज्ञ अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

उनकी इस असाधारण शोध यात्रा की शुरुआत आईआईटी मुंबई के अकादमिक सत्र के दौरान ही हो गई थी। बीते 23 अगस्त 2026 को आयोजित संस्थान के दीक्षांत समारोह में उन्हें एमटेक की उपाधि प्रदान करने के साथ-साथ उनके द्वारा तैयार किए गए चार उत्कृष्ट शोध पत्रों और प्रबंधों के लिए 'अंडरग्रेजुएट रिसर्च अवार्ड' से नवाजा गया था।

फिनलैंड में दुनिया भर के वैज्ञानिकों के बीच मिला सम्मान

आईआईटी मुंबई ने अभिजात के उच्चस्तरीय शोध पत्रों में से एक को न्यूयॉर्क स्थित विश्व की अग्रणी तकनीकी संस्था 'इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर्स' (IEEE) को अंतरराष्ट्रीय समीक्षा के लिए अग्रसारित किया था। शोध की गहराई और नवीनता को देखते हुए आईईईई की ओर से 13 से 17 सितंबर तक फिनलैंड के टाम्परे शहर में 'इमेज प्रोसेसिंग' विषय पर आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में अभिजात को अपना रिसर्च पेपर प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया गया।

  • बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत डुमरामा निवासी अभिजात मिश्रा ने फिनलैंड में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लहराया सफलता का परचम

  • न्यूयॉर्क स्थित प्रतिष्ठित संस्थान IEEE द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अभिजात के शोध को मिला सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र का सम्मान

  • आईआईटी मुंबई से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ड्यूल डिग्री (बीटेक व एमटेक) पूरी कर हैदराबाद में क्वालकॉम इंडिया में हैं पदस्थापित

  • आईआईटी बॉम्बे के दीक्षांत समारोह में अंडरग्रेजुएट रिसर्च अवार्ड से भी हो चुके हैं सम्मानित; गांव और परिवार में उत्सव का माहौल

इस प्रतिष्ठित वैश्विक सम्मेलन में अमेरिका, यूरोप, जापान और चीन सहित दुनिया भर के प्रख्यात प्रोफेसरों, वरिष्ठ वैज्ञानिकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने अपने-अपने शोध प्रस्तुत किए। गहन तकनीकी मूल्यांकन और जूरी के निर्णय के बाद अभिजात मिश्रा के शोध पत्र को सर्वसम्मति से 'सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र' (Best Paper Award) के अंतरराष्ट्रीय सम्मान से विभूषित किया गया।

बचपन से ही रहे मेधावी, प्राथमिक शिक्षा भागलपुर से

अभिजात के पिता परिमल कुमार मिश्रा और माता विनीता मिश्रा ने बेटे की इस ऐतिहासिक सफलता पर अपार गर्व व्यक्त करते हुए बताया कि वह बाल्यकाल से ही अत्यंत कुशाग्र और अध्ययनशील रहा है। उसकी प्रारंभिक और माध्यमिक स्कूली शिक्षा भागलपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल से पूरी हुई थी। इसके बाद वर्ष 2021 में नई दिल्ली से प्रथम श्रेणी में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के साथ ही उसने पहले ही प्रयास में जेईई एडवांस्ड में उत्कृष्ट रैंक हासिल कर आईआईटी मुंबई में प्रवेश लिया था।

अभिजात की इस वैश्विक उपलब्धि की सूचना मिलते ही डुमरामा गांव सहित पूरे अमरपुर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके नाना अजय कुमार चक्रवर्ती, नानी पूर्णिमा चक्रवर्ती सहित समस्त परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।