Banka Food Poisoning : निवाले में क्या था ऐसा राज? सरसों तेल से बनी सब्जी खाते ही एक-एक कर गिरने लगे परिवार के 5 लोग
Banka Food Poisoning: शंभुगंज के वारसावाद गांव में मिलावटी सरसों तेल के सेवन से एक ही परिवार के पांच सदस्य ...और पढ़ें

Banka Food Poisoning: बांका के शंभुगंज में संदिग्ध सरसों तेल से बनी सब्जी खाने से एक ही परिवार के 5 लोग बीमार, थाने में शिकायत
HighLights
शंभुगंज में एक परिवार के पांच सदस्य बीमार पड़े।
मिलावटी सरसों तेल के सेवन से फूड पॉइजनिंग हुई।
पीड़ितों ने दुकानदार के खिलाफ पुलिस में शिकायत की।
संवाद सहयोगी, शंभुगंज (बांका)। Banka Food Poisoning: शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत वारसावाद गांव में कथित रूप से मिलावटी या दूषित सरसों तेल का इस्तेमाल करने के बाद एक ही परिवार के पांच सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। भोजन करने के कुछ ही देर बाद सभी को तेज उल्टी और दस्त (फूड प्वाइजनिंग) की शिकायत होने लगी।
स्थिति बिगड़ते देख परिजनों ने आनन-फानन में सभी को स्थानीय निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। समय पर मिले चिकित्सकीय उपचार के बाद सभी की स्थिति अब खतरे से बाहर और सामान्य बताई जा रही है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद सोमवार को पीड़ित परिवार के सदस्यों ने शंभुगंज थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की लिखित जानकारी दी और संबंधित किराना दुकानदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सब्जी-भुजिया खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
वारसावाद गांव निवासी पीड़ित रघुनंदन यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने गांव के ही गजानंद यादव की किराना दुकान से सरसों का तेल खरीदा था। घर में उसी तेल का उपयोग कर आलू की सब्जी और भुजिया बनाई गई थी, जिसे परिवार के सदस्यों ने रोटी के साथ खाया। भोजन करने के कुछ ही समय बाद परिवार के पांच सदस्यों को पेट दर्द, जी मिचलाने और उल्टी-दस्त की गंभीर समस्या होने लगी।
बीमार पड़ने वालों में उनकी पुत्री मौसम कुमारी, पुत्र अंकुश कुमार और लवकुश कुमार सहित परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं। एक साथ पांच लोगों की तबीयत बिगड़ने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई थी।
शंभुगंज प्रखंड के वारसावाद गांव में स्थानीय दुकान से खरीदे गए सरसों तेल से खाना पकाने के बाद परिवार के 5 सदस्यों की बिगड़ी तबीयत
रघुनंदन यादव की पुत्री मौसम कुमारी, पुत्र अंकुश व लवकुश समेत पांचों को उल्टी-दस्त के बाद निजी क्लीनिक में कराया गया भर्ती
उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार; पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर दुकानदार के खिलाफ की लिखित शिकायत
ग्रामीणों में मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चिंता; पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
मिलावटी खाद्य तेल की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
रघुनंदन यादव ने आशंका व्यक्त की है कि दुकानदार द्वारा बेचे गए सरसों तेल में किसी प्रकार की मिलावट या खराबी थी, जिसके कारण ही पूरे परिवार की तबीयत खराब हुई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से तेल के नमूने की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर दुकानदार पर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
इधर, शंभुगंज थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई जाएगी और लगाए गए आरोपों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में दुकानों पर बिकने वाले खुले व मिलावटी खाद्य तेलों की शुद्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है।
