बांका: व्यापारी से 40.50 लाख लूटने वाले 3 फर्जी अफसर अरेस्ट; स्कॉर्पियो बरामद, वंदे भारत पकड़ने जाते वक्त हुई थी लूट
बांका में फर्जी आयकर और जीएसटी अधिकारी बनकर 40.50 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता ...और पढ़ें

चांदन के दर्दमारा बॉर्डर पर आयकर व GST अफसर बन किया था अगवा; जसीडीह पुलिस ने बांका से 3 बदमाशों को दबोचा
HighLights
फर्जी आयकर-जीएसटी अधिकारी बनकर 40.50 लाख की लूट।
जसीडीह पुलिस ने बांका से तीन बदमाशों को दबोचा।
लूट में प्रयुक्त सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद हुई।
संवाद सूत्र, बेलहर (बांका)। बांका जिले के चांदन प्रखंड अंतर्गत दर्दमारा बॉर्डर स्थित श्याम राइस मिल के संचालक श्याम सर्राफ उर्फ विक्की से फर्जी आयकर (Income Tax) और जीएसटी अधिकारी बनकर 40.50 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। झारखंड के देवघर जिले की जसीडीह थाना पुलिस ने बांका की स्थानीय पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी कर गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपित संजय सिंह के घर से वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली है। हालांकि, लूटी गई 40.50 लाख रुपये की नकदी अभी बरामद नहीं हो सकी है, जिसकी बरामदगी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
CCTV फुटेज और तकनीकी सर्विलांस से धरे गए आरोपित
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान बांका जिले के कैलाश पहाड़ी गांव निवासी घनश्याम यादव तथा तरैया गांव निवासी संजय सिंह और विशाल सिंह के रूप में हुई है।
जसीडीह पुलिस तीनों आरोपितों और जब्त स्कॉर्पियो को अपने साथ देवघर ले गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और मोबाइल लोकेशन (तकनीकी अनुसंधान) के विश्लेषण के बाद पुलिस इन बदमाशों तक पहुंचने में सफल रही। वारदात में शामिल गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में अंतरराज्यीय सीमा पर छापेमारी जारी है।
वंदे भारत ट्रेन पकड़ने जा रहे थे व्यवसायी
घटना के संबंध में बताया जाता है कि गत 8 अगस्त की सुबह राइस मिल संचालक श्याम सर्राफ अपने एक परिचित के साथ बाइक पर सवार होकर बैग में 40.50 लाख रुपये रखकर जसीडीह रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उन्हें वहां से कोलकाता जाने के लिए 'वंदे भारत एक्सप्रेस' ट्रेन पकड़नी थी।
रास्ते में रोककर किया अगवा
जैसे ही वे दर्दमारा बॉर्डर पार कर आगे बढ़े, तभी पीछे से आई एक स्कॉर्पियो सवार पांच बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। स्कॉर्पियो से उतरे दो बदमाशों ने खुद को आयकर और वाणिज्य कर (GST) विभाग का बड़ा अधिकारी बताया और रुपयों की जांच की बात कही। इसके बाद बदमाशों ने संचालक को जबरन खींचकर स्कॉर्पियो में बैठा लिया, जबकि उनके बाइक सवार साथी को मौके से धमकाकर भगा दिया।
मारपीट कर लूटे 40.50 लाख
बदमाश कारोबारी को स्कॉर्पियो में बंधक बनाकर जसीडीह थाना क्षेत्र के टाभाघाट गांव के पास एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां उन्होंने संचालक के साथ जमकर मारपीट की और 40.50 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया।
जमुई के जंगलों में फेंका
लूटपाट करने के बाद बेखौफ अपराधी व्यवसायी को जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र स्थित चिहराढाड़ी के घने जंगल में फेंककर फरार हो गए। किसी तरह होश में आने पर पीड़ित संचालक ने 'डायल 112' पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद चंद्रमंडीह पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उन्हें जंगल से सुरक्षित बाहर निकाला। चांदन थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि जसीडीह पुलिस तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
