विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका में अंडा नहीं मिलने पर भड़के छात्र, मध्याह्न भोजन का किया बहिष्कार

Published: Sat, 16 May 2026 02:35 PM (IST)

अमरपुर के आदर्श मध्य विद्यालय में छात्रों ने तीन सप्ताह से अंडे न मिलने और खराब गुणवत्ता वाले मध्याह्न भोजन के कारण बहिष्कार किया।

अंडा नहीं मिलने पर छात्रों ने मध्याह्न भोजन का किया बहिष्कार

अंडा नहीं मिलने पर छात्रों ने मध्याह्न भोजन का किया बहिष्कार

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, अमरपुर (बांका)। शहर के आदर्श मध्य विद्यालय बालक में सुंदर अमरशील स्वयंसेवी संस्था द्वारा उपलब्ध कराये जा रहे मध्याह्न भोजन में अनियमितता को लेकर विद्यालय में गठित बाल संसद एवं मीना मंच ने मोर्चा खोल दिया।

शुक्रवार को मध्याह्न भोजन में अंडा नहीं दिये जाने तथा गुणवत्ताहीन भोजन परोसने से नाराज छात्रों ने भोजन करने से इंकार कर दिया। साथ ही आक्रोशित छात्रों ने स्वयंसेवी संस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक कामेश्वर राम ने आक्रोशित छात्रों को समझा बुझाकर शांत कराया।

सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद संजीव साह कसेरा एवं स्वयंसेवी संस्था के कर्मी भी मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की। घटिया मध्याह्न भोजन एवं पिछले तीन सप्ताह से शुक्रवार को अंडा नहीं दिये जाने के विरोध में बाल संसद एवं मीना मंच की ओर से प्रभारी प्रधानाध्यापक को लिखित आवेदन दिया।

बाल संसद के उप प्रधानमंत्री अंश कुमार, उप शिक्षा मंत्री सोनाक्षी कुमारी तथा खेल मंत्री छोटी कुमारी ने बताया कि स्वयंसेवी संस्था विद्यालय में मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराती है। लेकिन पिछले तीन सप्ताह से शुक्रवार को अंडा की जगह केला दिया जा रहा है।

छात्रों ने कहा कि भोजन की गुणवत्ता काफी खराब रहती है तथा छात्रों की उपस्थिति के अनुसार भोजन भी उपलब्ध नहीं कराया जाता है। आक्रोशित छात्र ने जब तक अंडा नहीं मिलेगा, तब तक भोजन नहीं करेंगे की मांग पर अड़ा रहा।

बाद में स्वयंसेवी संस्था के प्रतिनिधि ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने तथा दोबारा ऐसी शिकायत नहीं होने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्र शांत हुए। बाद में प्रभारी प्रधानाध्यापक कामेश्वर राम एवं संस्था के प्रतिनिधि रंजीत सिंह ने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया।

नगर पंचायत के 19 विद्यालय में सुंदर अमरशील स्वयंसेवी संस्था द्वारा मध्याह्न भोजन उपलब्ध करा रहा है। शुक्रवार को चार विद्यालय में छात्रों को अंडा नहीं दिया गया है। इस कारण आदर्श मध्य विद्यालय बालक के छात्रों ने विरोध जताया है। जांच कर वरीय पदाधिकारी को रिपोर्ट भेजा जायेगा। 

-

सुभाष पंडित, एमडीएम आरपी अमरपुर

बाजार में अंडा नहीं उपलब्ध नहीं रहने के कारण शुक्रवार को चार विद्यालय में केला भेजा गया था। इसी को लेकर आदर्श मध्य विद्यालय बालक के छात्रों ने विरोध किया। अगले सप्ताह से नियमित रूप से शुक्रवार को अंडा दिया जायेगा।

-

राम सिंह, प्रतिनिधि,सुंदर अमरशील स्वयंसेवी संस्था पटना