बहनोई ने ही की थी अपने साला की हत्या
जम्होर थाना के कुरहमा गांव निवासी श्यामसुंदर महतो के पुत्र लक्ष्मण कुमार महतो की हत्या उसके बहनोई किशुनपुर गांव निवासी राजदेव महतो का पुत्र
औरंगाबाद। जम्होर थाना के कुरहमा गांव निवासी श्यामसुंदर महतो के पुत्र लक्ष्मण कुमार महतो की हत्या उसके बहनोई ने ही की थी। घटना को किशुनपुर गांव निवासी राजदेव महतो का पुत्र भैरोलाल मेहता ने अपने बड़ा बहनोई टंडवा थाना के बरइखाप निवासी मोहन मेहता के साथ मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या की थी। प्रेम प्रसंग के कारण भैरोलाल ने अपने बहनोई के साथ मिलकर गांव में ही साला की हत्या की थी। पुलिस ने हत्या के इस मामले में भैरोलाल एवं मोहन को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया है। अंबा थानाध्यक्ष वीरेंद्र पासवान ने बताया कि लक्ष्मण का प्रेम प्रसंग अपनी बहन की ननद यानी भैरोलाल की बहन से थी। बहन की शादी भैरोलाल ने तय कर दी थी। अपनी बहन से प्रेम प्रसंग के कारण वह अपने साला की हत्या कर शव को गांव से बाहर डिहवार स्थान के पास फेंक दिया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपितों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बताया जाता है कि मृतक 10 मई को अपने घर से औरंगाबाद के लिए निकला था। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इसी बीच 11 मई को लक्ष्मण का शव बहनोई के गांव किशुनपुर डिहवार स्थान के पास से बरामद किया गया था। मामले में मृतक के पिता के बयान पर अंबा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।