घर बंद कर गए थे शादी में, चोरों ने उड़ाए चार लाख के सामान
नगर थाना क्षेत्र के शाहपुर मोहल्ले में शुक्रवार की रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद : नगर थाना क्षेत्र के शाहपुर मोहल्ले में शुक्रवार की रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने कमला कुंवर के घर से तीन-चार लाख रुपये का जेवरात, नकदी समेत अन्य सामान चुरा ले गए। घर के सभी सदस्य घर बंद कर बेटी की शादी में शामिल होने झारखंड के चतरा गए हुए थे। घर को बंद देख चोरों ने घर के ऊपर लगे कर्कट को हटाकर अंदर घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया। शनिवार सुबह होने के बाद आसपास के लोग घर के ऊपर लगे कर्कट को हटा देखा तो चोरी की घटना का आभास हुआ। आसपास के लोग मोबाइल से चोरी की घटना की जानकारी कमला कुंवर को दी। सूचना पर कमला अपने स्वजनों के साथ घर पहुंची। तो देखा कि अंदर कमरे में रखे गए गोदरेज टूटा हुआ है। गोदरेज में रखे गए जेवरात, नकदी रुपये गायब है। चोरों के द्वारा घर में रहे अन्य सामान भी चुरा ले गए हैं। जो सामान चोरों के द्वारा नहीं ले जाया गया। उसे इधर-उधर बिखेर दिया है। घर में रहे बक्सा को भी चोरों के द्वारा तोड़ दिया गया है। चोरी की घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की तहकीकात की। पास के घरों में रहने वाले लोगों से घटना की जानकारी ली। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश दिखा। मोहल्ले के नागरिकों ने बताया कि रात के समय में नगर थाना पुलिस की गश्ती मोहल्ले में नहीं होती है। गश्ती पार्टी थाना से निकलती है और पुरानी जीटी रोड व महाराजगंज रोड का भ्रमण कर थाना लौट जाती है। गश्ती के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। बताया कि शहर में चोरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि रात के समय में जिस घर में ताला बंद देखते हैं। चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। पुलिस चोरी की घटना का पर्दाफाश नहीं कर पाती है।