तेजप्रताप का नीतीश पर बड़ा आरोप, खुद नशे में रहते हैं वो क्या कराएंगे नशामुक्ति
लालू यादव के बड़े पुत्र तेजप्रताप यादव अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। रविवार को उन्होंने विवादित बयान देते हुए सीएम नीतीश पर आरोप लगाया कि वो खुद ही नशे में रहते हैं।
औरंगाबाद [जेएनएन]।राजद सुप्रीमो के बड़े पुत्र और बिहार के पूर्व स्वास्थ्यमंत्री तेजप्रताप यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे तो स्वयं खैनी खाते हैं और हमेशा नशे में रहते हैं। भीड़ से सवाल किया और कहा कि जो खुद नशा में रहता हो वह राज्य को नशामुक्त क्या कर सकता है?
औरंगाबाद के बारुण में फुटबॉल मैच का उद्घाटन करने रविवार को पहुंचे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव ने कहा कि इस राज्य में शराबबंद नहीं है बल्कि उसकी तो अब होम डिलेवरी हो रहा है। शराब हर घर में मिल रहा है। प्रशासन के लोग ही शराब की होम डिलेवरी करा रहे हैं। अब बिहार में शराब पीते मंत्री का फोटो वायरल हो रहा है।
मुख्यमंत्री अपने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि बिहार में महिलाओं के हक को दबाया जा रहा है। खिलाडिय़ों को कई समस्याएं रहती है। उन्हें मूलभूत मिलने वाली सुविधाएं नही मिल पाती है। प्रत्येक कार्य में महिला पुरुषों से आगे बढ़ रही है।
वर्तमान समय में महिलाओं की स्थिति दयनीय है। गैंगरेप व हत्याएं बढ़ी है। सीएम को पलटुराम के नाम से संबोधित करते हुए कहा कि उनकी आत्मा सोयी हुई है। गरीबों की लड़ाई लड़ते लड़ते लालू प्रसाद यादव को जेल भिजवा दिया। राज्य में दलितों पर अत्याचार हो रहा है।
तेजप्रताप ने भाजपा पर चुटकी लेते हुए कहा कि यह गंगा है जहां सब पाप धूल जाता है। शौचालय घोटाला, सृजन घोटाला, धान घोटाला व अन्य हुए है। वर्तमान सरकार ने किसानों से उनका हक छीना है। इसके उपरांत तेजप्रताप ने भीड़ के बीच से ही एक दलित लड़के को बुलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन कराया।
मुरली की धुन और शंख भी फूंका
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप को बांसुरी बजाना बेहद पसंद है और इस पसंद के कारण वे पहले भी काफी चर्चा में रहे हैं। कल जब वे फुटबॉल के फाइनल मैच में शिरकत करने के लिए पहुंचे और संबोधन के लिए माइक संभाली तो भीड़ से लोगों ने बांसुरी की धून सुनाने की फरमाइश की।
इस पर तेजप्रताप ने लोगों की फरमाइश भी पूरी कर दी और बांसुरी की एेसी धुन छेड़ी कि लोग मंत्रमुग्ध होकर सुनते रहे। इसके बाद उत्साहित लोगों ने तालियां बजा कर तेज प्रताप का अभिनंदन किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री ने शंख भी फूंका।