विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तेजस्वी यादव की सभा में JDU के पूर्व विधायक की RJD में होगी एंट्री, औरंगाबाद में समर्थक भी थामेंगे लालटेन

Published: Tue, 29 Sep 2026 09:14 AM (IST)

औरंगाबाद में 4 अक्टूबर को राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव की जनसभा होगी, जिसमें जदयू के पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह सैकड़ों समर्थकों के साथ राजद में शामिल होंगे।

तेजस्‍वी की सभा को लेकर बैठक करते राजद कार्यकर्ता।

तेजस्‍वी की सभा को लेकर बैठक करते राजद कार्यकर्ता।

HighLights

  1. तेजस्वी यादव की जनसभा 4 अक्टूबर को औरंगाबाद में।

  2. जदयू के पूर्व विधायक अशोक सिंह राजद में होंगे शामिल।

  3. अशोक सिंह के आने से राजद को मिलेगी मजबूती।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। शहर स्थित गांधी मैदान में चार अक्टूबर को राजद नेता व विधानसभा में प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव की जनसभा होगी।

जनसभा को लेकर सोमवार को संगम रिसाॅर्ट, हसौली में राजद की बैठक हुई। अध्यक्षता निवर्तमान जिलाध्यक्ष-सह-गोह विधायक अमरेंद्र कुशवाहा एवं संचालन कार्यकारी जिलाध्यक्ष अनिल टाइगर ने किया।

समर्थकों के साथ लालटेन थामेंगे अशोक स‍िंह 

बैठक में बताया गया कि जनसभा के दौरान मिलन समारोह भी आयोजित किया गया है। रफीगंज विधानसभा क्षेत्र से जदयू के पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह सैकड़ों समर्थकों के साथ राजद की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

राजद नेताओं ने कहा कि उनके शामिल होने से रफीगंज विधानसभा क्षेत्र समेत जिले में संगठन को मजबूती मिलेगी। राजद के प्रति आमजन का भरोसा बढ़ता जा रहा है।

विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार तेजस्‍वी का कार्यक्रम

केंद्र एवं राज्य सरकार के कार्यों से आमजन नाराज हैं। बैठक में नबीनगर से राजद के प्रत्याशी रहे अमोद चंद्रवंशी, रफीगंज के प्रत्याशी डाॅ. गुलाम शाहिद, जिला प्रवक्ता डाॅ. रमेश यादव, उदय उज्वल, राघवेंद्र प्रसाद सिंह समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार तेजस्वी का औरंगाबाद हो रहा है जिस कारण कार्यकर्ताओं में उत्साह है। गोह के एक कार्यक्रम में जन्माष्टमी के दौरान आए थे।

बता दें कि अशोक सिंह रफीगंज विधानसभा से दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्‍होंने 2010 और 2015 विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की थी। वे जदयू के जिलाध्‍यक्ष का पद भी संभाल चुके हैं। ऐसे में पूर्व विधायक का कदम पूर्व सीएम नीतीश कुमार के जदयू के लिए बड़ा झटका है।