यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मछली पालन से आत्मनिर्भर बनेंगी जीविका से जुड़ीं दीदियां
औरंगाबाद। जिले के सदर प्रखंड के जगदीशपुर और कोसड़ीहरा में ग्रामीण विकास विभाग के सचिव सह जीविका के कार्यपालक पदाधिकारी ...और पढ़ें

औरंगाबाद। जिले के सदर प्रखंड के जगदीशपुर और कोसड़ीहरा में ग्रामीण विकास विभाग के सचिव सह जीविका के कार्यपालक पदाधिकारी बाला मुरुगन डी ने निरीक्षण किया। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा जीविका को दिए गए तालाब का निरीक्षण करने के बाद उसमें मछली पालन का कार्य प्रारंभ कराया। उन्होंने खुद ही जीविका दीदियों के साथ मिलकर तालाब में मछलियां डालीं। कहा कि मछली पालन से जीविका से जुड़ी दीदियां आत्मनिर्भर बनेंगीं।
मौके पर मौजूद डीएम सौरभ जोरवाल और डीडीसी अंशुल कुमार ने ग्रामीण विकास विभाग के सचिव का स्वागत किया। इसके साथ ही पौधारोपण भी संयुक्त रूप से किया। इसके बाद जगदीशपुर गांव में जीविका के उद्भव ग्राम संगठन की बैठक में हिस्सा लिया और जीविका की गतिविधियों के बारे में उपस्थित दीदियों से विस्तृत रूप से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों का कार्य काफी अच्छा है। सरकार की सभी योजनाओं में उनकी भागीदारी बढ़ रही है। आर्थिक और सामाजिक तौर पर जीविका दीदियां पहले से काफी सक्षम हुई हैं। आने वाले दिनों में जीविका में और भी क्रियाकलाप बढ़ेंगे, जिससे जीविका से जुड़ी दीदियों की आमदनी बढ़ सके। इसके बाद सदर अस्पताल में स्थित दीदी की रसोई का अवलोकन किया। किस तरह से दीदी की रसोई संचालित की जा रही है, इसकी पूरी प्रक्रिया का गहन निरीक्षण करने के बाद मरीजों को दिए जाने वाले भोजन का स्वाद भी उन्होंने चखा।
वहीं, जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में जीविका कर्मियों के साथ ही मनरेगा और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के कर्मियों के साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारियों और मनरेगा पीओ के साथ बैठक कर जिले की गतिविधियों पर समीक्षात्मक चर्चा की। इस मौके पर सिविल सर्जन डा. कुमार वीरेंद्र प्रसाद, उपाधीक्षक डा. विकास कुमार, डीएचएस के डीपीएम डा. कुमार मनोज, जीविका के जिलापरियोजना प्रबंधक पवन कुमार, एंथोनी राज, राजीव कुमार रंजन, जयराम सिंह, नदीम हसन, सुधीर कुमार,मो आरिफ, बीना कुमारी, ममता कुमारी, साबित कुमारी, रिकी कुमारी, विक्रांत कुमार, अरुनजय कुमार, प्राची कुमारी, विनोद कुमार, राम विलास कुमार, अवनति कुमार, त्रिभुवन कुमार सहित कई जीविकाकर्मी और दीदियां उपस्थित रहे।
