रफीगंज में ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव
रफीगंज थाना के रतनखाप गांव में बुधवार रात्रि होलिकादहन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया। पथराव में जामादार जिकसल्लाह सिपाही अरविद कुमार एवं सूरज कुमार घायल हो गए।
औरंगाबाद। रफीगंज थाना के रतनखाप गांव में बुधवार की रात होलिका दहन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया। पथराव में जमादार जिकसल्लाह, सिपाही अरविद कुमार एवं सूरज कुमार घायल हो गए। पुलिस ने जान बचाने के लिए पथराव कर रहे ग्रामीणों पर लाठीचार्ज किया। पुलिस पर पथराव की सूचना पर जिला मुख्यालय एवं थाना से अतिरिक्त पुलिस बल पहुंची और लाठीचार्ज कर ग्रामीणों को खदेड़ा। मामले में दंडाधिकारी अमरेंद्र कुमार पांडेय के द्वारा प्राथमिकी दर्ज की गई है। अनिल दास, मोहन दास, सुभाष कुमार, मुकेश कुमार, विजय दास, रंजन दास, सभी सुलतानपुर गांव निवासी, चरकावां गांव निवासी बिजु दास एवं मुकेश दास अभियुक्त बने हैं। पुलिस के अनुसार होलिकादहन के दौरान सभी अभियुक्त अपने गांव से होलिका का जलता हुआ लुकवारी लेकर रतनखाप गांव की तरफ दौड़ रहे थे। उनकी योजना रतनखाप गांव निवासी मो. अब्दुला के घर में जलता लुकवारी फेंकने की थी। जब पुलिस ने ग्रामीणों को मना किया तो उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव करने लगे। मो. अब्दुला के घर में जलता हुआ लुकवारी फेंक दिया। घर में तोड़फोड़ की। गांव में तनाव का माहौल कायम हो गया। कम संख्या में पुलिस के रहने के कारण ग्रामीणों को रोकने में असफल रहे। जब थाना से अतिरिक्त बल पहुंची तब पथराव करने वाले ग्रामीण भागे।