जविप्र कार्यालय को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की मांग
प्रखंड आपूर्ति कार्यालय में कथित तौर पर भ्रष्टाचार का आरोप प्रखंड राजद अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने प्रेस बयान जारी कर लगाया है। कहा है कि जन
औरंगाबाद। प्रखंड आपूर्ति कार्यालय में कथित तौर पर भ्रष्टाचार का आरोप प्रखंड राजद अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने प्रेस बयान जारी कर लगाया है। कहा है कि जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं का कथित तौर पर आर्थिक दोहन और शोषण किया जा रहा है। आरोप लगाया कि जबसे नए प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने प्रभार ग्रहण किया है, तबसे स्थिति और बिगड़ गई है। कभी चालान के नाम पर तो कभी पे इन स्लिप के नाम पर जविप्र दुकानदारों से कथित तौर पर वसूली की जा रही है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि कई जविप्र दुकानदार दबी जुबान से अपना दुखड़ा बयां कर रहे हैं। आरोप लगाते हुए कहा कि भंडार पंजी और वितरण पंजी पर हस्ताक्षर के बदले कथित तौर पर पैसे लिए जा रहे हैं। उन्होंने डीएम से प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति कार्यालय के रवैये की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। पूछे जाने पर नए प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि उन्होंने दो दिन पहले ही प्रभार ग्रहण किया है। इसलिए इस संबंध में अभी वे कुछ बताने की स्थिति में नहीं है।