ब्रिटेन में प्रभा ने लहराया परचम
कौन कहता है कि आसमां में सुराख हो नहीं सकता एक पत्थर तो तबियत से उछालों यारोंउक्त बातों को चरितार्थ किया है गोह विधानसभा क्षेत्र के तेयाप गांव
औरंगाबाद। :'कौन कहता है कि आसमां में सुराख हो नहीं सकता, एक पत्थर तो तबियत से उछालों यारों' उक्त कहावत को चरितार्थ किया है। गोह विधानसभा क्षेत्र के तेयाप गांव निवासी डॉ. उमेश यादव की पुत्री प्रभा यादव ने। प्रभा ने अपने परिवार, जिला, राज्य व पूरे देश का नाम रोशन किया है। प्रभा ने ब्रिटेन में मिसेज इंडिया यूके 2019 में फाइनल में अपना स्थान दर्ज करा सफलता का परचम लहराया है। प्रभा के इस उपलब्धि पर उसके मामा के निवास हसपुरा के टाल पंचायत के गांव उछाहल बिगहा से लेकर गांव व सगे संबंधियों में खुशी व जश्न का माहौल है। फोन पर प्रभा ने बताया कि अगर आपके अंदर कुछ करने का जज्बा व जुनून हो और सकारात्मक विचारों से लबरेज होकर कोई काम करते हैं तो आपको सफलता अवश्य मिलेगी। अक्सर खूबसूरती के नाम पर साफ रंग, ऊंचा कद एवं अच्छे नैन नक्श जैसी चीजों को प्राथमिकता दी जाती है। लेकिन आपके अंदर आंतरिक खूबसूरती यानी आपका व्यवहार संवेदनशीलता एवं सकारात्मक ऊर्जा से आप भरपूर हैं तो आपके खूबसूरती में चार चांद लग जाता है। अपने विचारों से खूबसूरत होना खूबसूरती की असल पहचान है। कंटेस्ट का थीम था टू ब्रेक द मिथ ऑफ ब्यूटी। प्रतियोगिता में यह देखा गया कि आप आंतरिक रूप से कितना खूबसूरत हैं। आंतरिक रूप से खूबसूरत व्यक्तित्व ही समाज को अच्छा संदेश दे सकता है। मार्गदर्शन कर सकता है। प्रभा के मामा सेवानिवृत्त शिक्षक गौरीशंकर यादव ने बधाई देते हुए कहा कि उसने यूके में उक्त स्थान प्राप्त कर राज्य के साथ-साथ देश का नाम रोशन किया है। तेयाप गांव के ग्रामीणों ने कहा कि हमलोगों को प्रभा यादव जैसी बेटी पर गर्व है। जिसने यूके में परचम लहरा कर हमारे गांव को गौरवान्वित किया है। साहित्यकार प्रो. अलखदेव प्रसाद अचल, पूर्व प्रखंड प्रमुख नागेश्वर यादव, शिक्षक अंबुज कुमार साहित्यकार शंभू शरण समेत अन्य गणमान्य लोगों ने प्रभा यादव को बधाई देते हुए अंतिम लक्ष्य को प्राप्त करने की शुभकामनाएं दी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप