देव में सेवानिवृत होमगार्ड जवान को टांगी से काट डाला
औरंगाबाद। देव थाना के तिलौता बिगहा निवासी लोहड़ी यादव (65 वर्ष) की हत्या अपराधियों ने टां
औरंगाबाद। देव थाना के तिलौता बिगहा निवासी लोहड़ी यादव (65 वर्ष) की हत्या अपराधियों ने टांगी से काटकर कर दी है। उक्त घटना सीआरपीएफ कैंप के पास स्थित रामबाग शिव मंदिर के पास गुरुवार की देर रात घटी। मृतक दो वर्ष पहले होमगार्ड से सेवानिवृत हुआ था। खबर लिखे जाने तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। बताया जाता है कि मृतक का कई लोगों से भूमि को लेकर काफी पहले से विवाद चल रहा था। इसकी तहकीकात पुलिस कर रही है। एसडीपीओ अनूप कुमार ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह देव मुख्य पथ को जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तार एवं मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। सुबह सात बजे से 12 बजे तक मुख्य पथ जाम रहा। सड़क जाम की सूचना पर एसडीओ डा. प्रदीप कुमार, एसडीपीओ अनूप कुमार, इंस्पेक्टर श्यामकिशोर ¨सह देव पहुंचे। उग्र ग्रामीणों को समझाकर सड़क से जाम हटाया। बीडीओ अमरेश कुमार मिश्र ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतक के परिजन को 20 हजार रुपये मुआवजा दिया है। अधिकारियों ने हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के पुत्र जीतेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात्रि घर से खाना खाकर मंदिर में सोने चले गए थे। मंदिर में उनके साथ देव का शत्रुघ्न प्रजापति एवं एक अन्य युवक सोते थे। घटना की रात दोनों साथ नहीं थे। मृतक का चंदन तिवारी नामक व्यक्ति से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस मामले में प्रत्येक ¨बदुओं पर जांच कर रही है।
थाना के पास है घटनास्थल : राजद
औरंगाबाद : देव थाना मुख्यालय के पास सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान लोहड़ी यादव की हत्या हुई है। उनकी हत्या पर राजद नेताओं ने आक्रोश जताया है। जिला पार्षद शशिभूषण शर्मा, प्रवक्ता डा. रमेश यादव, कृष्णा यादव, भूपेश कुमार ने कहा कि जिस जगह पर हत्या हुई है वह थाना से महज 100 मीटर है। सीआरपीएफ कैंप मात्र 50 मीटर दूरी पर स्थित है। अपराधी हत्या की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाएं, यह पुलिस की विफलता है। हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की। कहा कि बिहार में अपराध का ग्राफ बढ़ा है। जिला पार्षद ने मृतक के परिवार को पर्याप्त मुआवजा दिए जाने की मांग की।