मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर नगर परिषद में बैठक
शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का वर्चुअल कार्यक्रम होना है। जिला मुख्यालय में डीएम की उपस्थिति में बैठक होगी। जहां प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभुकों को वर्चुअल चाबी वितरण का कार्यक्रम नीतीश कुमार करेंगे। इसकी तैयारी को लेकर नगर परिषद दाउदनगर में गुरुवार को बैठक की गई। तैयारी का जायजा लिया गया।
संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) : शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का वर्चुअल कार्यक्रम होना है। जिला मुख्यालय में डीएम की उपस्थिति में बैठक होगी। जहां प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभुकों को वर्चुअल चाबी वितरण का कार्यक्रम नीतीश कुमार करेंगे। इसकी तैयारी को लेकर नगर परिषद दाउदनगर में गुरुवार को बैठक की गई। तैयारी का जायजा लिया गया। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम में दाउदनगर नगर परिषद और नवीनगर नगर पंचायत के प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को घर की चाबी सौंपने का काम वर्चुअल सीएम करेंगे। प्राप्त विवरण के अनुसार इस आयोजन में दाउदनगर के 31 लाभुकों को नवीनगर के 26 लाभुकों को वर्चुअल प्रतीकात्मक चाबी दी जाएगी। चाबी का निर्माण कराया जा रहा है। कार्यक्रम में संबंधित क्षेत्र के विधायक, सांसद, विधान परिषद सदस्य, मुख्य पार्षद, उपमुख्य पार्षद, वार्ड पार्षद उपस्थित रहेंगे। कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय के अलावा सिटी मैनेजर मोहम्मद शफी, कमल पासवान, अनवर फहीम, रंजीत कुमार, सुमित पटेल शामिल है। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी ने दिया है। लाभुकों को उपस्थित रहने की दी जा रही सूचना
दाउदनगर और नबीनगर के जो आवास लाभुक हैं, उन्हें इस कार्यक्रम में उपस्थित होने की सूचना दी जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लाभुकों को जिला मुख्यालय स्थित आयोजन स्थल पर ले जाने और ले आने की व्यवस्था नगर निकायों ने कर रखा है। लाभुकों को नाश्ता पानी का भी इंतजाम किया गया है। वे नगर निकाय की व्यवस्था से जाएंगे और आएंगे। उन्हें कोई राशि खर्च नहीं करनी है। यह जानकारी लाभुक तक पहुंचाई जा रही है।
दो लाख की मदद प्रत्येक लाभुकों को
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत लाभुकों को दो लाख रुपये की राशि मिलती है। यह राशि कई किस्तों में दी जाती है। जिससे लाभुक अपना घर बना पाते हैं। बेघरों को घर देने की केंद्र सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना है।
तीसरे चरण में 491 आवास स्वीकृत
बताया गया कि दाउदनगर नगर परिषद क्षेत्र में थर्ड फेज में 491 योजना स्वीकृत की गई है। जिन 31 लाभुकों को मुख्यमंत्री की वर्चुअल उपस्थिति में चाबी दिया जाना है उनका चयन फर्स्ट और सेकंड फेज में चयनित लाभुकों में से किया गया है। जानकारी के अनुसार फर्स्ट फेज में 50 आवेदन स्वीकृत हुए थे जिसमें 29 को ही लाभ मिला। 21 को लाभ नहीं मिल सका क्योंकि वे उचित दस्तावेज उपलब्ध नहीं दे सके। इसी तरह सेकंड फेज में 70 योजनाओं को स्वीकृत की गई थी। जिसमें मात्र 42 व्यक्तियों को ही इसका लाभ मिला। अन्य को समुचित दस्तावेज उपलब्ध न कराने के कारण लाभ से वंचित होना पड़ा। दाउदनगर नगर परिषद क्षेत्र में फर्स्ट और सेकंड पेज में 71 व्यक्तियों को आवास योजना का लाभ मिला है। इसी में से 31 को इस कार्यक्रम में चाबी सौंपी जानी है।