होम क्वारंटाइन हुए लोगों के स्वास्थ्य की निगरानी शुरू
कैमूर। जिले में अत्यधिक कोरोना संक्रमित वाले स्थान यथा दिल्ली मुंबई गुजरात अहमदाबाद सूरत नोएडा पुणे व कोलकाता से आने वाले लोगों को ही स्क्रीनिग के बाद प्रखंड मुख्यालय में बने क्वारंटाइन केंद्र में भर्ती कर उनका सैंपल जांच के लिए पटना भेजा जाएगा।
कैमूर। जिले में अत्यधिक कोरोना संक्रमित वाले स्थान यथा दिल्ली, मुंबई, गुजरात, अहमदाबाद, सूरत, नोएडा, पुणे व कोलकाता से आने वाले लोगों को ही स्क्रीनिग के बाद प्रखंड मुख्यालय में बने क्वारंटाइन केंद्र में भर्ती कर उनका सैंपल जांच के लिए पटना भेजा जाएगा। उक्त स्थानों को छोड़कर अन्य स्थानों से आकर होम क्वारंटाइन रहने वाले लोगों की भी शुक्रवार से स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी शुरू करा दी है।
सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार तिवारी के हवाले से जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. आरके चौधरी ने बताया कि इस कार्य के लिए जिले में 216 पर्यवेक्षक प्रतिनियुक्त किए गए हैं। वे प्रतिदिन डोर-टू डोर जाकर होम क्वारंटाइन लोगों से उनके स्वास्थ्य के बारे में यथा उनको बुखार या खांसी तो नहीं है कि जानकारी लेंगे। साथ ही दिए गए प्रपत्र में क्वारंटाइन के स्वास्थ्य का विवरण जिला मुख्यालय पर उपलब्ध कराएंगे। स्वास्थ्य विभाग के हर एक पर्यवेक्षक को 14 दिवसीय पोस्टर भी सौंपा है। जिसे पर्यवेक्षक क्वारंटाइन व्यक्ति के घर की दीवार पर चस्पा कर उसमें नियमित रूप से अपनी टिप्पणी भरेंगे। जानकारी लेने के क्रम में किसी के बुखार या खांसी बने रहने की जानकारी होने पर पर्यवेक्षक इसकी अलग से मेडिकल टीम को जानकारी देंगे। मेडिकल टीम आवश्यकतानुसार मरीज को प्रखंड या जिला पर लाकर उसके इलाज या जांच की समुचित व्यवस्था करेगी। साथ ही वरीय पदाधिकारियों को स्थिति से अवगत कराती रहेंगी।