वैज्ञानिक तरीके से खेती को बढ़ावा दें किसान : डीडीसी
समाहरणालय स्थित नगर भवन में सोमवार को कृषि विभाग के द्वारा रबी कर्मशाला सह फॉल आर्मीवर्म प्रशिक्षण कृषि जागरूकता महाभियान कार्यक्रम का उद्घाटन
औरंगाबाद। समाहरणालय स्थित नगर भवन में सोमवार को कृषि विभाग के द्वारा रबी कर्मशाला सह फॉल आर्मीवर्म प्रशिक्षण कृषि जागरूकता महाभियान कार्यक्रम का उद्घाटन डीडीसी अंशुल कुमार, मगध प्रमंडल के उपनिदेशक शष्य उत्तम कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी डीएओ राजेश प्रताप सिंह, आत्मा के परियोजना निदेशक भरत प्रसाद सिंह एवं प्रभारी सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी धर्मवीर सिंह ने संयुक्त रुप से किया। डीडीसी ने कहा कि यहां के प्रशिक्षण कार्यक्रम में जो बताया जाएगा उसे कृषि पदाधिकारी प्रखंडों में किसानों को बताने का कार्य करेंगे। वैज्ञानिक तरीके से खेती पर जोर देते हुए कहा कि किसान जब आधुनिक और वैज्ञानिक तरीके से खेती करेंगे तभी उन्हें लाभ होगा। सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं से किसानों को लाभान्वित करने की बात कही। डीएओ ने कहा कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य सरकार ने रखा है। कहा कि अब रबी फसल लगाने का समय आ गया है। रबी और दलहन एवं तेलहन की फसल से किसान अच्छी आमदनी प्राप्त कर सकते हैं। इस खेती को वैज्ञानिक तरीके से करने की बात कही। विभाग के द्वारा किसानों को अनुदान पर दी जाने वाली बीज, कृषि यंत्र की चर्चा करते हुए कहा कि किसान जैविक खेती को बढ़ावा दें। उपनिदेशक शष्य ने किसानों को प्रमाणित बीज का प्रयोग करने की बात कही। आत्मा के परियोजना निदेशक ने आत्मा की योजनाओं एवं फॉल आर्मी के बारे में बताया। उपनिदेशक कृषि अभियंत्रण सुधीर कुमार राय ने भूमि संरक्षण योजनाओं पर प्रकाश डाला। कृषि वैज्ञानिक डा. नित्यानंद ने खेती करने और फसल पर रोगों का रोकथाम के बारे में बताया। संचालन उद्यान के सहायक निदेशक ज्ञानचंद शर्मा ने किया। अनुमंडल कृषि पदाधिकारी अनिल चौधरी, जिला कृषि कार्यालय के कृषि समन्वयक मोहन कुमार, रंजीत रमन समेत सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, कृषि सलाहकार मौजूद रहे।