डीलर का साढ़े आठ क्विटल अनाज जब्त
नगर थाना के श्रीकृष्णनगर वार्ड सं. आठ के डीलर मोहन प्रसाद रविवार को ठेला एवं रिक्शा पर अनाज लादकर बाजार बेचेने जा रहे थे कि पकड़े गए। खाद्यान्न
औरंगाबाद। नगर थाना के श्रीकृष्णनगर वार्ड सं. आठ के डीलर मोहन प्रसाद रविवार को ठेला एवं रिक्शा पर अनाज लादकर बाजार बेचने जा रहे थे कि पकड़े गए। खाद्यान्न बाजार ले जाने की सूचना अधिकारियों को मिली तो कार्रवाई प्रारंभ हुई। स्थानीय कुछ लोगों के सहयोग से डीलर साढ़े आठ क्विटल अनाज को गया गोला बेचने जा रहा था। सूचना पर औरंगाबाद के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी लल्लू सिंह ने जब्त किया। उन्होंने बताया कि 10 बोरा चावल एवं आठ बोरा गेहूं जब्त किया गया है। डीलर के लाइसेंस को रद्द करते हुए नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है। बताया कि डीलर मोहन प्रसाद एवं उसका पुत्र अनाज को ठेला व रिक्शा पर लादकर ले जा रहा था। दुकान से आगे जैसे ही बढ़ा कि स्थानीय नागरिकों ने फोन पर जानकारी दी। एसडीओ डॉ. प्रदीप कुमार के आदेश पर मैं जब यहां पहुंचा तो ठेला एवं रिक्शा पर लदा अनाज जब्त किया। जब्त अनाज नगर परिषद के वार्ड नं. आठ के डीलर मोहन प्रसाद का है। पहले भी काला बाजारी के आरोप में डीलर का लाइसेंस रद्द हुआ था। छह माह पहले ही लाइसेंस हुआ था। ठेला चालक फेसर थाना के देवरिया गांव निवासी गुप्ता साव एवं नगर थाना के नावाडीह निवासी जमील अख्तर ने अधिकारियों को बताया कि डीलर के दुकान से अनाज गया गोला ले जाया जा रहा था। सुबह सात बजे दुकान पर आया था। दुकानदार दो व्यक्ति के इंतजार में दो घंटे तक रहे और तब अनाज लादकर गया गोला ले जा रहे थे कि अधिकारियों ने जब्त कर लिया। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के साथ नवीनगर के एमओ रमन बहादूर सिंह, देव के चंदन शास्त्री, कर्मी धीरज कुमार एवं अन्य उपस्थित रहे। अधिकारियों ने दुकान के पास नागरिकों से डीलर के दुकान के संबंध में पूछा तो बताया कि हमलोग तो जानते भी नहीं थे यहां राशन का दुकान है। किसी को दुकान की जानकारी नहीं थी। प्रशासन के कार्रवाई से शहर में हड़कंप रहा। बता दें कि गरीबों का अनाज कालाबाजार में बिक जाता है।