जल निकासी का प्रबंध नहीं होने पर किया प्रदर्शन
प्रखंड के करसांव पंचायत अंतर्गत पकड़ी गांव के महादलित टोला के लोगों ने मंगलवार को मुखिया लवकुश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
प्रखंड के करसांव पंचायत अंतर्गत पकड़ी गांव के महादलित टोला के लोगों ने मंगलवार को मुखिया लवकुश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण सुकन राम, उपेंद्र राम, रामचंद्र राम, धर्मेंद्र राम, राम पुकार, भूखन राम, सीताराम राम, उपेंद्र शर्मा, मनोज राम, सहोदरी देवी सहित अन्य ने कहा कि चार वर्ष पहले से ही हम लोग अपनी समस्या को लेकर मुखिया के पास गए थे लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ, बल्कि समस्याएं बढ़ गई हैं। सबसे ज्यादा परेशानी तो सड़क पर चलने में होती है। क्योंकि जो नाला का निर्माण किया गया है। उसका गंदा पानी सड़क पर बहता है। चूंकि नाला जाम है। इसलिए पानी ओवरफ्लो होकर घर के बाहर जमा रहता है। जिससे आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। घर की महिलाएं प्रतिदिन नाली का पानी निकालकर बाल्टी में भरकर बाहर जाकर फेकती है। इस टोला में गलत तरीके से नाली का निर्माण कराया गया है। जिससे नाली का पानी का सही निकास नहीं होता है। वहीं सरकार के द्वारा चलाए जा रहे सात निश्चय योजना के अंतर्गत हम लोग का मोहल्ला में नल जल योजना के तहत शुद्ध पेयजल के लिए नल लगाया गया था। लेकिन यहां नल-जल का पाइप नाली में लगाया गया है। इसलिए उस नाली का पानी हम लोग उपयोग नहीं करते हैं। नाली में पाइप लगा होने के कारण अनेक बीमारी होने की संभावना बनी रहती है। ग्रामीणों के द्वारा बताया गया है कि प्रखंड स्तर के पदाधिकारी यहां आकर जांच कर लें कि हम लोग किस हाल में रह रहे हैं। इधर मुखिया लवकुश कुमार ने बताया कि पकड़ी गांव में सोलिग का कार्य कराया गया है। फिलहाल राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण काम नहीं हो सका है। जैसे ही राशि उपलब्ध होगी। महादलित टोले में सारे काम करा दिए जाएंगे।