'महागठबंधन के लिए MY का मतलब सिर्फ वोटबैंक व परिवार, मेरे लिए महिला व युवा', चिराग ने बताया एमवाई का फार्मूला
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके लिए 'MY' का मतलब सिर्फ वोटबैंक और परिवार है। चिराग न ...और पढ़ें

एमवाई का मतलब सिर्फ वोटबैंक व परिवार, मेरे लिए महिला व युवा: चिराग। फोटो जागरण
संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद)। ओबरा में एनडीए द्वारा आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य आपूर्ति एवं प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने राजद के एमवाई समीकरण का अर्थ स्पष्ट किया।
उन्होंने कहा कि एमवाई में एम का मतलब केवल वोट बैंक है। उन्होंने उल्लेख किया कि कांग्रेस ने 70 वर्षों तक केंद्र में शासन किया और बिहार में राजद ने 15 वर्षों तक सरकार चलाई, फिर भी एम का अर्थ केवल वोट बैंक ही रहा। चिराग ने कहा कि इतने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद सच्चर कमेटी की रिपोर्ट यह दर्शाती है कि देश के मुसलमानों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
चिराग ने वाई का मतलब परिवार बताया, जिसमें मां, पिता, पत्नी, पुत्र और पुत्री शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के लिए कुर्सी पहले से तय है और यदि कोई जेल जाता है, तो उसकी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया जाएगा, इसके बाद पुत्र और पुत्री की बारी आएगी।
चिराग के लिए एमवाई का मतलब महिला और युवा
चिराग ने स्पष्ट किया कि उनके लिए एमवाई का अर्थ महिला और युवा हैं। उन्होंने कहा कि वे बिहार फर्स्ट और बिहारी फर्स्ट के लिए काम कर रहे हैं। चिराग ने यह भी कहा कि उनका कार्य प्रकाश देना है और जनता का कार्य है उस प्रकाश को जीताना।
ओबरा विधानसभा क्षेत्र से लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के प्रत्याशी डॉ. प्रकाश चंद्र ने चिराग पासवान के सामने ही घोषणा की कि पटना में जो आवास उन्हें मिलेगा, वह जनता आवास होगा। ओबरा की जनता को ठहरने की व्यवस्था की जाएगी और उन्हें उनके वेतन से भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
डॉ. प्रकाश चंद्र ने कहा कि उन्होंने सभी जातियों और धर्मों से ऊपर उठकर समाज की सेवा की है। वे विधायक नहीं होने के बावजूद भी समाज के लिए कार्य करते रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अशोक महतो ने की, जबकि संचालन दाउदनगर बीस सूत्री अध्यक्ष दीपक पटेल ने किया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रामानुज पांडेय, लोजपा जिलाध्यक्ष सोनू सिंह, भाजपा नेता अश्विनी तिवारी, कुमकुम खान, संजय पटेल, संजय सिंह सोम, अरविंद शर्मा और पिंटू शर्मा ने भी अपने विचार रखे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।