विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बड़े पर्दे पर दिखेगी देव के छठ पर्व की महिमा, औरंगाबाद में फिल्म की शूटिंग शुरू; डीएम-एसपी ने लिया जायजा

Published: Wed, 14 Oct 2026 03:59 PM (IST)

मुंबई की एक फिल्म टीम औरंगाबाद के देव में छठ महापर्व पर आधारित फिल्म की शूटिंग कर रही है। इससे ...और पढ़ें

औरंगाबाद में फिल्म की शूटिंग शुरू

औरंगाबाद में फिल्म की शूटिंग शुरू

HighLights

  1. छठ महापर्व पर आधारित फिल्म की शूटिंग औरंगाबाद के देव में शुरू।

  2. मुंबई की फिल्म निर्माण टीम कर रही है छठ थीम पर फिल्मांकन।

  3. डीएम-एसपी ने देव में शूटिंग गतिविधियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। छठ महापर्व की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत अब बड़े पर्दे के जरिये देशभर के दर्शकों तक पहुंचेगी। सूर्यनगरी देव में मुंबई से आई फिल्म निर्माण टीम छठ महापर्व की थीम पर आधारित फिल्म की शूटिंग कर रही है। इससे देव की धार्मिक पहचान को व्यापक मंच मिलने के साथ औरंगाबाद के फिल्म शूटिंग के मानचित्र पर उभरने की उम्मीद जगी है। 

मंगलवार देर शाम डीएम अभिलाषा शर्मा और एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने देव पहुंचकर फिल्म शूटिंग का संयुक्त अवलोकन किया और इससे जुड़ी गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

छठ की महिमा से रूबरू होंगे देशभर के दर्शक

देव अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विशेषताओं के लिए जाना जाता है। यहां स्थित सूर्य मंदिर और छठ महापर्व से जुड़ी परंपराएं जिले को विशिष्ट पहचान देती है। 

ऐसे में देव की धरती पर छठ की थीम पर फिल्म का निर्माण जिले की लोक आस्था, धार्मिक परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का अवसर है। फिल्म के माध्यम से देव की पहचान स्थानीय और क्षेत्रीय सीमाओं से आगे बढ़ सकती है।

फिल्म पर्यटन से खुलेंगे रोजगार के रास्ते

डीएम का मानना है कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां औरंगाबाद को फिल्मांकन के संभावित स्थलों के रूप में स्थापित करने में मददगार हो सकती हैं। इससे भविष्य में फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों का ध्यान बिहार के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की ओर आकर्षित होने की संभावना है।

फिल्म पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय कारोबार, परिवहन, आवास और अन्य सेवाओं से जुड़े लोगों के लिए भी अवसर पैदा हो सकते हैं। डीएम और एसपी के संयुक्त अवलोकन को जिले की सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- औरंगाबाद में MSME सेंटर शुरू: युवाओं के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ