विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरंगाबाद में अदरी-पुनपुन नदी उफान पर, चपरी पुल डूबा

Published: Mon, 31 Aug 2026 06:29 PM (IST)

ओबरा (औरंगाबाद) में लगातार बारिश से अदरी-पुनपुन नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे बेल रोड स्थित चपरी पुल पानी में डूब गया है और आवागमन बाधित हो गया है।

अदरी-पुनपुन नदी के जलस्तर में तेजी। (जागरण)

अदरी-पुनपुन नदी के जलस्तर में तेजी। (जागरण)

HighLights

  1. लगातार वर्षा से अदरी-पुनपुन नदी का जलस्तर बढ़ा।

  2. बेल रोड स्थित चपरी पुल पानी में पूरी तरह डूबा।

  3. ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

संवाद सूत्र, ओबरा (औरंगाबाद)। लगातार हो रही वर्षा के बीच ओबरा प्रखंड मुख्यालय से गुजरने वाली अदरी-पुनपुन नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है।

जलस्तर बढ़ने के कारण बेल रोड स्थित चपरी पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है। पुल पर पानी बहने से आवागमन बाधित हो गया है और ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।

नदी में अचानक बढ़े जलस्तर और तेज धार को देखकर आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है। भाकपा माले नेता मुनारिक राम, पूर्व मुखिया शंभू प्रसाद एवं गोविंद अग्रवाल ने बताया कि नदी का पानी कई स्थानों पर सड़क तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, सामान्य दिनों में शांत दिखाई देने वाली नदी का स्वरूप वर्षा के बाद पूरी तरह बदल गया है। अदरी और पुनपुन नदी में पानी लबालब भर गया है और तेज बहाव के साथ पानी आगे बढ़ रहा है।

लगातार वर्षा जारी रहने से जलस्तर में और वृद्धि की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से चपरी पुल और जलमग्न सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

नदी किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में पानी फैलने की आशंका को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। बेल रोड में पानी भर गया है।

यह भी पढ़ें- नेपाल बाढ़ में देवदूत बने हेडमास्टर, एक फोन कॉल पर बच गई 1643 बच्चों की जान