त्याग, बलिदान व मातम का पर्व है मुहर्रम
संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) : त्याग, बलिदान व मातम का पर्व मुहर्रम शांतिपूर्ण एवं सौहा
संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) : त्याग, बलिदान व मातम का पर्व मुहर्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण मे मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मुहर्रम कमेटियों द्वारा ताजिया जुलूस निकाला गया। ताजिया को घुमाते हुए तथा गोल का प्रदर्शन करते हुये ताजिया को मुहर्रम चौको पर स्थापित किया गया। काफी संख्या में लोगों ने पहुंचकर परंपरा अनुसार फातया किया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुबह से ही मुहर्रम कमेटी द्वारा ताजिया निकाला जाना शुरू कर दिया गया। हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद किया गया। मुहर्रम जुलूस के साथ निर्धारित रूट से ताजिया घुमाने के बाद तथा अखाड़ा में फन- ए- सिपहगिरी का प्रदर्शन करते हुये जुलूस चौकों तक पहुंचा। प्रखंड के चौरी, कनाप, तरारी, तरार, अंकोढ़ा, बाबू अमौना, जिनोरिया,केसराड़ी समेत ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा दाउदनगर शहर में मुहर्रम का त्योहार मनाया गया। मुहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का प्रबंध किया गया है। चौरी गांव में मुखिया अनिल कुमार चंद्रवंशी मुहर्रम जुलूस के साथ घूम रहे थे। यहां प्रखंड विकास पदाधिकारी जफर इमाम, दाउदनगर थाना के सब इंस्पेक्टर भगवान प्रसाद ¨सह के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई है। कनाप ग्राम पंचायत में मुखिया विजय कुमार जुलूस में साथ थे। इसके अलावा अन्य पंचायतों में संबंधित पंचायतों के मुखिया जुलूस के साथ घूमते रहे। अनुमंडल पदाधिकारी अनीश अख्तर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजकुमार तिवारी भ्रमणशील दिखे। चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी। देर रात तक होगा ताजिया पहलाम
ग्रामीण क्षेत्रों का ताजिया शुक्रवार की देर रात तक पहलाम किया जाएगा। कुछ ग्रामीण क्षेत्रों का ताजिया पहलाम दाउदनगर के पुराना शहर स्थित करबला में किया जाता है तो कुछ ग्रामीण क्षेत्रों का ताजिया गांव में ही पहलाम किये जाने की परंपरा रही है। दाउदनगर शहर का ताजिया मुहर्रम जुलूस के साथ शनिवार को देर शाम तक पहलाम किया जाएगा।