अंबा-देव पथ पर पलटी बस, 8 सैप जवान घायल
औरंगाबाद। देव थाना के देव-अंबा पथ पर सिचाई कॉलोनी के पास मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार से आ रही बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें आठ सैप जवान घायल हो गए। सभी जवान चुनाव ड्यूटी में शामिल होने जा रहे थे।
औरंगाबाद। देव थाना के देव-अंबा पथ पर सिचाई कॉलोनी के पास मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार से आ रही बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें आठ सैप जवान घायल हो गए। सभी जवान चुनाव ड्यूटी में शामिल होने जा रहे थे। घटना का कारण बस चालक का शराब के नशे में धुत बताया जा रहा है। यहां बता दें कि आज औरंगाबाद में प्रथम चरण का मतदान होने वाला है। इसी चुनाव ड्यूटी में भाग लेने के लिए पुलिस बलों की अलग-अलग जगहों पर तैनाती की जा रही है। इसी क्रम में देव प्रखंड के ढिबरा थाना में तैनात सैप के जवान बस से अपनी ड्यूटी के लिए पुलिस लाइन जा रहे थे। कहा जा रहा है कि इसी बीच बस का चालक चट्टी बाजार में गाड़ी रोककर कहीं चला गया एवं उधर से शराब के नशे में धुत होकर आया। गाड़ी में बैठे जवानों ने चालक को गाड़ी धीरे-धीरे चलाने की हिदायत दी। बावजूद चालक गाड़ी को तेज रफ्तार में चलाना शुरू कर दिया। गाड़ी जैसे ही सिचाई कॉलोनी के पास पहुंची तो गाड़ी बिजली के खंभे से टकराते हुए पलट गई। गाड़ी पलटने से सैप के 8 जवान घायल हो गए। घायल जवानों में नरेश ठाकुर, दयाराम प्रसाद, मिथिलेश राय, जीपी सिंह, एपी पाल, दीपचंद राय, तपेश्वर कुमार शामिल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी पुलिसकर्मियों को सुरक्षित निकाला गया। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची देव थाना पुलिस ने सभी घायल जवानों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भेज दिया है। थानाध्यक्ष वेंकटेश्वर ओझा ने बताया कि सूचना मिलते ही एसआइ जयेंद्र भारती को मौके पर भेजा गया। सभी जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ड्यूटी पर भेजा गया है। बता दें कि जवानों का सामान एवं हथियार भी सुरक्षित है। जबकि चालक मौके से फरार है। मामले की जांच की जा रही है।