बिहार-झारखंड सीमा पर अवैध कोयला कारोबार का खुलासा, खनन विभाग ने कोयला लदे पांच हाइवा किए जब्त
खनन विभाग ने बिहार-झारखंड सीमा पर अवैध कोयला कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए अंबा में कोयला लदे पांच हाइवा जब्त ...और पढ़ें

पांच हाइवा रोककर खंगाले गए कागजात
HighLights
अवैध कोयला कारोबार का बिहार-झारखंड सीमा पर खुलासा।
खनन विभाग ने अंबा में पांच कोयला लदे हाइवा जब्त किए।
अवैध डिपो और जमीन मालिकों की भी होगी जांच।
संवाद सूत्र,अंबा (औरंगाबाद)। बिहार-झारखंड सीमा से सटे अंबा और कुटुंबा थाना क्षेत्रों में कथित अवैध कोयला कारोबार का मामला सामने आया है। सीमा क्षेत्र में अवैध तरीके से कोयला भंडारण और उसकी ढुलाई की सूचना पर खनन विभाग की टीम ने कार्रवाई की।
रविवार देर रात अंबा थाना क्षेत्र में चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान कोयला लदे पांच हाइवा पकड़े गए। जांच के दौरान वाहनों में लदे कोयले से संबंधित आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
झारखंड से कोयला लाकर सीमा क्षेत्र में जमा करने की सूचना
बताया जा रहा है कि झारखंड के विभिन्न इलाकों से कोयला लाकर बिहार सीमा से सटे क्षेत्रों में संचालित कथित डिपो में जमा किया जाता है।
इसके बाद यहां से कोयले को हाइवा और अन्य मालवाहक वाहनों पर लादकर एनएच-139 के रास्ते डेहरी समेत दूसरे स्थानों पर भेजे जाने की बात सामने आई है। अवैध कोयला कारोबार को लेकर खनन विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिलने की बात कही जा रही है।
पांच हाइवा रोककर खंगाले गए कागजात
सूचना के आधार पर खान निरीक्षक राजू कुमार के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने अंबा क्षेत्र में वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान कोयला लदे पांच हाइवा को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई।
टीम ने चालकों से कोयले के स्रोत, खनन और परिवहन से संबंधित वैध कागजात मांगे। हालांकि, जांच के दौरान चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
खनन अधिनियम के तहत जुर्माने की तैयारी
दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने के बाद खनन विभाग ने पांचों हाइवा को जब्त कर लिया। बाद में सभी वाहनों को अंबा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
खान निरीक्षक राजू कुमार ने बताया कि अवैध तरीके से कोयला परिवहन किए जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई है। वाहनों के चालकों के पास कोयला परिवहन से संबंधित वैध कागजात नहीं मिले। खनन अधिनियम के प्रावधानों के तहत जुर्माना लगाने की प्रक्रिया चल रही है।
सिर्फ हाइवा नहीं, कथित डिपो भी रडार पर
खनन विभाग की कार्रवाई अब जब्त किए गए वाहनों तक सीमित नहीं रहने वाली है। सीमा क्षेत्र में संचालित बताए जा रहे कथित अवैध कोयला डिपो की भी जांच की जाएगी।
विभाग उन स्थानों की जानकारी जुटा रहा है, जहां अवैध तरीके से कोयला जमा करने और कारोबार किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
डिपो संचालकों और जमीन मालिकों की भी होगी जांच
विभाग की जांच में कथित कोयला डिपो संचालकों के साथ उन जमीन मालिकों की भूमिका भी खंगाली जाएगी, जिनकी जमीन पर कोयले के अवैध भंडारण या कारोबार की सूचना है।
यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इससे सीमा क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध कोयला कारोबार के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की उम्मीद है।
जुर्माना जमा होने पर ही छोड़े जा सकते हैं वाहन
अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि खनन विभाग के निर्देश पर कोयला लदे पांच हाइवा जब्त किए गए हैं। विभाग की ओर से निर्धारित जुर्माना जमा किए जाने के बाद नियमानुसार वाहनों को छोड़ा जा सकता है। जुर्माना जमा नहीं करने की स्थिति में खनन अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र के कारोबारियों में हलचल
पांच हाइवा की जब्ती के बाद सीमा क्षेत्र में कथित अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल बढ़ने की बात कही जा रही है।
अब निगाह इस बात पर है कि खनन विभाग की आगामी जांच में कथित डिपो और कोयला भंडारण को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं और इस मामले में किन लोगों पर कार्रवाई होती है।
