दधपा पैक्स के प्रबंधक की पिटाई, प्राथमिकी
ुटुंबा प्रखंड के ग्राम पंचायत दधपा अंतर्गत पैक्स गोदाम पर सदस्यता फार्म भरने के दौरान हुआ हंगामा को लेक
कुटुंबा प्रखंड के ग्राम पंचायत दधपा अंतर्गत पैक्स गोदाम पर सदस्यता फार्म भरने के दौरान हुआ हंगामा को लेकर परस्पर दो प्राथमिकी कुटुंबा थाने में दर्ज कराई गई है। कांड संख्या 144/19 की पहली प्राथमिकी पैक्स के सहायक प्रबंधक राकेश कुमार सिंह ने दर्ज कराई है जिसमें बैठक के दौरान मारपीट करने तथा कागजात जलाने तथा कार्य में बाधा पहुंचाने की बात कही है। कहा गया है कि पैक्स कार्यालय पर प्रबंध कार्यकारिणी समिति की बैठक आहूत की गई थी। सदस्यता हेतु फार्म लेने के दौरान ग्राम झरहा निवासी धनंजय सिंह, शिव मेहता, पिपरा गांव के टुलू सिंह उर्फ संजय सिंह तथा दधपा निवासी विनय कुमार सिंह, रसोईया गांव के मुकेश कुमार सिंह, किशोर कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह, बच्चन सिंह, रामपुर गांव निवासी विजय सिंह, धर्मेन्द्र सिंह तथा अन्य अज्ञात द्वारा मारपीट करने गाली-गलौज करने तथा कागजात जला देने की बात कही है। विजय सिंह पर जान से मारने का आरोप लगाया गया है। कांड संख्या 145/19 की दूसरी प्राथमिकी झरहा निवासी धनंजय सिंह, संजय सिंह पिपरा, किशोर कुमार रसोईया, मुकेश कुमार सिंह रसोईया, विनय सिंह दधपा, विजय कुमार सिंह रामपुर ने दर्ज कराई है। प्राथमिकी में बताया गया है कि दधपा पैक्स कार्यकारिणी के निर्णयानुसार पैक्स मतदाता सूची में नाम जोड़वाने हेतु दधपा पैक्स गोदाम कार्यालय पर गए थे। प्रबंधक राकेश कुमार सिंह, पैक्स अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के समक्ष कागजात जमा करने लगे तो प्रबंधक ने कहा कि प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये अध्यक्ष के पास जमा करें तब नाम जोड़ेंगे। विरोध करने पर पहले से मारपीट करने की तैयारी कर रखे अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, उनके भाई कृष्णा सिंह, मनोज सिंह मारपीट करने लगे। अध्यक्ष अपने हाथ में पिस्टल लेकर लहराते हुए कहा कि यहां से भाग जाओ नहीं तो जिदा नहीं छोड़ेंगे। सभी भागकर थाना पहुंचे और उचित कार्रवाई के लिए आवेदन दिया। थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने बताया कि मामला पैक्स में सदस्यता को लेकर आपसी खींचतान की है। अनुसंधान चल रहा है। दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई की जाएगी।